- अमेठी में जलभराव से 90 वर्षीय विधवा का कच्चा मकान गिरा, खबर पर डिप्टी सीएम ने फोन कर जाना हाल; अधिकारियों को तत्काल राहत और आवास की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश
भारत 19 लखनऊ/बारिश और जलभराव ने अमेठी की 90 वर्षीय विधवा विद्यावती शर्मा से उनका आशियाना छीन लिया, लेकिन उनकी परेशानी की खबर सामने आते ही सरकारी तंत्र उनके दरवाजे तक पहुंच गया। कच्चा मकान ढहने की खबर का उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने संज्ञान लिया और खुद विद्यावती से फोन पर बात कर उनका हाल जाना। उन्होंने बुजुर्ग महिला को हरसंभव मदद का भरोसा देते हुए अमेठी के मुख्य विकास अधिकारी को तत्काल राहत और सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
विद्यावती से बातचीत के दौरान उप मुख्यमंत्री ने उनको आश्वस्त किया कि चिंता न करें। बाद में ग्राम्य विकास विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ढहे मकान और आसपास की स्थिति का जायजा लिया तथा विद्यावती और उनके परिवार से बातचीत कर उनकी जरूरतों की जानकारी ली। टीम ने तत्काल राहत के साथ सरकारी योजनाओं के जरिए दी जा सकने वाली सहायता की प्रक्रिया भी शुरू कर दी। कच्चा मकान के ढहने से बुजुर्ग विद्यावती के सामने सबसे बड़ा सवाल सुरक्षित छत का खड़ा हो गया था। जलभराव के बीच घर गिरने से उनके रोजमर्रा के जीवन को मुश्किल में डाल दिया। ऐसे में अधिकारियों का मौके पर पहुंचना उनके लिए तत्काल राहत की उम्मीद लेकर आया है।
अब नजर स्थायी मदद पर
प्रशासन के सामने चुनौती केवल तत्काल राहत तक सीमित नहीं है। विद्यावती को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना और पात्रता के मुताबिक अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना अगला अहम कदम होगा। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इस मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी शासन स्तर पर भी उपलब्ध कराई जाए और बुजुर्ग महिला को किसी तरह की परेशानी न हो। उप मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को सतर्क रहना चाहिए। ऐसी घटनाओं की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर स्थिति का आकलन और प्रभावित परिवारों को तत्काल सहयोग उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

