Hot Topics

नाइजीरिया को भाया यूपी का ग्रामीण विकास मॉडल

  • ग्रामीण सड़क निर्माण की आधुनिक तकनीक और खाद्य प्रसंस्करण पर लखनऊ में चर्चा, एफडीआर तकनीक में दिखी खास रुचि


भारत 19

उत्तर प्रदेश की गांवों को सड़क से जोड़ने और कृषि उपज को बाजार तक पहुंचाने की तकनीक ने नाइजीरिया का ध्यान खींचा है। नाइजीरिया के कृषि एवं खाद्य सुरक्षा राज्य मंत्री सीनेटर डॉ. अलियु साबी अब्दुल्लाही के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात कर यूपी के ग्रामीण सड़क निर्माण, एफडीआर तकनीक और खाद्य प्रसंस्करण मॉडल की जानकारी ली। प्रतिनिधिमंडल ने खास तौर पर टिकाऊ सड़क निर्माण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने वाली इन पहलों में रुचि दिखाई।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की सड़कें केवल गांवों को शहरों से जोड़ने का माध्यम नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की जीवनरेखा हैं। बेहतर सड़क संपर्क से किसान अपनी उपज बाजार तक आसानी से पहुंचा सकते हैं, विद्यार्थियों और मरीजों की आवाजाही सुगम होती है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में उद्योग, निवेश और रोजगार की संभावनाएं बढ़ती हैं। उत्तर प्रदेश ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने प्रतिनिधिमंडल को ग्रामीण सड़कों में इस्तेमाल की जा रही आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी। बताया गया कि एफडीआर तकनीक में मौजूदा सड़क की सामग्री का वैज्ञानिक तरीके से पुन: उपयोग कर सड़क को मजबूत और टिकाऊ बनाया जाता है। कार्बन फुटप्रिंट कम करने वाली तकनीक पर जोर दिया जा रहा है। नाइजीरियाई प्रतिनिधिमंडल ने ग्रामीण संपर्क, कृषि विपणन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलने वाले लाभों के बारे में जानकारी ली। अपर मुख्य सचिव खाद्य प्रसंस्करण बीएल मीणा ने विभाग की उपलब्धियों और खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के जरिए ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत करने की जानकारी दी। 

तकनीकी साझेदारी की संभावनाओं पर जोर
उप मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि नाइजीरियाई प्रतिनिधिमंडल को यूपी के ग्रामीण सड़क निर्माण और खाद्य प्रसंस्करण मॉडल से उपयोगी जानकारी मिलेगी तथा भविष्य में दोनों पक्षों के बीच तकनीकी साझेदारी की नई संभावनाएं बनेंगी। बैठक में नाइजीरिया के प्रतिनिधिमंडल की ओर से ऊर्जा एवं ग्रामीण विकास, कृषि एवं खाद्य सुरक्षा तथा ग्रामीण परियोजनाओं से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। उत्तर प्रदेश की ओर से अपर मुख्य सचिव खाद्य प्रसंस्करण बीएल मीणा, प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास सौरभ बाबू, सीईओ उत्तर प्रदेश ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण शिव सहाय अवस्थी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News