Hot Topics

कानपुर जोन के वांछित अपराधियों की अब खैर नहीं

  • कानपुर जोन की कानून-व्यवस्था समीक्षा में महिला अपराध, साइबर ठगी, कांवड़ यात्रा और चुनावी सुरक्षा पर भी फोकस

भारत 19
कानपुर।
अपराध और कानून-व्यवस्था को लेकर अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ ने बुधवार को जोनल कार्यालय में कानपुर रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक और झांसी रेंज के पुलिस महानिरीक्षक साथ सभी जिलों के एसएसपी और एसपी के साथ महिला एवं बाल अपराध, महिला सुरक्षा, आगामी चुनावों की सुरक्षा तैयारियां, कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन, साइबर अपराध, लंबित विवेचनाएं, सोशल मीडिया निगरानी और ऑपरेशन कन्विक्शन की प्रगति की समीक्षा की।उन्होंने वांछित, इनामी और सक्रिय अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने के साथ गंभीर मामलों में प्रभावी पैरवी कर अधिक से अधिक अभियुक्तों को सजा दिलाने के निर्देश दिए। 
एडीजी ने निर्देश दिया कि कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित कर विशेष सतर्कता बरती जाए। अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सक्रिय अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाने और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। उन्होंने गंभीर अपराधों में अभियोजन की प्रभावी पैरवी करते हुए ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत अधिकाधिक अभियुक्तों को सजा दिलाने के निर्देश दिए। महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम को प्राथमिकता देते हुए एडीजी ने मामलों में तत्काल कार्रवाई और पीड़िताओं की संवेदनशीलता के साथ सुनवाई सुनिश्चित करने को कहा। महिला सुरक्षा और सम्मान से जुड़े अभियानों की लगातार समीक्षा करने के भी निर्देश दिए गए।

साइबर ठगी पर कार्रवाई के साथ जागरूकता

साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौती को देखते हुए साइबर हेल्पलाइन और पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने को कहा गया। आमजन को साइबर ठगी से बचने के उपायों के प्रति व्यापक स्तर पर जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए। सोशल मीडिया पर प्रसारित सूचनाओं की लगातार निगरानी करने और भ्रामक या अफवाह फैलाने वाली सूचनाओं का तत्काल खंडन करने पर भी जोर दिया गया। तथ्यात्मक जानकारी को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

लंबित विवेचनाओं पर होगी नियमित निगरानी

एडीजी ने लंबित विवेचनाओं की नियमित मॉनीटरिंग करते हुए साक्ष्यों के वैज्ञानिक संकलन और गुणवत्तापूर्ण विवेचना पर विशेष ध्यान देने को कहा। मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए। वर्तमान में चल रही कांवड़ यात्रा को देखते हुए मजबूत कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा गया। आगामी चुनावों को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

एडीजी ने जनसुनवाई को प्रभावी पुलिसिंग का अहम आधार बताते हुए शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिकायतों की हर स्तर पर प्रभावी मॉनीटरिंग पर जोर दिया। समीक्षा के दौरान पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि, पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र यमुना प्रसाद समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News