-28 हजार रुपये मांगने और 25 हजार वसूलने का आरोप, पीड़ित ने ऑडियो साक्ष्य के साथ मंत्री असीम अरुण से की थी शिकायत
भारत 19
कन्नौज। बिजली कनेक्शन के नाम पर रिश्वत मांगने और उपभोक्ता के उत्पीड़न के आरोप में ठठिया क्षेत्र के अवर अभियंता (जेई) छंगाराम को निलंबित कर दिया गया है। साक्ष्यों के साथ की गई शिकायत के बाद दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के अधीक्षण अभियंता ने कार्रवाई की है।ककरघटा निवासी राज नारायण ने मामले की शिकायत कन्नौज सदर के विधायक एवं प्रदेश सरकार में समाज कल्याण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण से की थी। पीड़ित ने शिकायत के साथ लेन-देन से संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी साक्ष्य के तौर पर उपलब्ध कराई थी। मंत्री ने शिकायत और साक्ष्यों को दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के अधीक्षण अभियंता के पास भेजकर कार्रवाई के लिए कहा था।
कनेक्शन के बदले मांगे 28 हजार रुपये
शिकायत के मुताबिक जेई छंगाराम ने ट्रांसफार्मर से विद्युत कनेक्शन जोड़ने के एवज में राज नारायण से 28 हजार रुपये की मांग की थी। आरोप है कि उपभोक्ता से 25 हजार रुपये वसूल भी कर लिए गए। इसके बाद तीन हजार रुपये की बकाया राशि नहीं देने पर जेई ने कथित तौर पर उपभोक्ता का जम्पर उतारकर अपने साथ ले लिया। पीड़ित ने रिश्वत की मांग और लेन-देन से संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग को शिकायत के साथ साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया। शिकायत में जेई पर रिश्वत मांगने के साथ उपभोक्ता को परेशान करने का भी आरोप लगाया गया था।
शिकायत के बाद विभागीय कार्रवाई
मामले में शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अधीक्षण अभियंता ने जेई छंगाराम को निलंबित कर दिया। विभागीय कार्रवाई को प्रदेश सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
‘प्रमाण सहित शिकायत पर कार्रवाई तेज’राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई जारी है। उन्होंने कन्नौजवासियों और युवाओं का धन्यवाद देते हुए कहा कि प्रमाण सहित शिकायत मिलने पर कार्रवाई तेज और न्यायोचित हो जाती है। उन्होंने शिकायतकर्ता राज नारायण का आभार जताया।


