Hot Topics

राहुल पर केशव का तंज, ‘झारखंड गए नहीं, प्रयागराज में करेंगे नौटंकी’

– प्रयागराज में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का लोकसभा में नेता विपक्ष और सपा मुखिया पर तीखा हमला करते हुए बोले- 2027 में तीसरी बार बनेगी भाजपा सरकार

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले जुबानी जंग तेज होती दिख रही है। प्रयागराज सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। राहुल के प्रयागराज दौरे को उन्होंने राजनीतिक ‘नौटंकी’ करार दिया और कहा कि उन्हें झारखंड में आंदोलन कर रहे छात्रों की चिंता नहीं है, क्योंकि वहां कांग्रेस की सरकार है।मौर्य ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल प्रयागराज में राजनीति चमकाने आ रहे हैं, लेकिन वह अपने बाबा की कब्र पर नहीं जाएंगे, क्योंकि वहां से राजनीति नहीं चमकेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल युवाओं के हित की राजनीति करने के बजाय अपना वोट बैंक तलाशने में जुटे हैं। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि छात्रों और युवाओं पर विपक्ष के ऐसे राजनीतिक एजेंडे का कोई प्रभाव नहीं पड़ने वाला। मौर्य ने कहा कि केवल राजनीतिक एजेंडा लेकर छात्रों और युवाओं के बीच जाने से उनका हित नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि जहां छात्रों की वास्तविक समस्याएं हैं, वहां विपक्षी नेता दिखाई नहीं देते। बस राजनीतिक लाभ वाले मुद्दों पर सक्रियता दिखती है।

सपा का PDA फर्जी, 2027 में तीसरी बार भाजपा सरकार

मौर्य ने समाजवादी पार्टी के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के राजनीतिक नारे को राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित और पूरी तरह फर्जी करार दिया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को यह समझ में आ चुका है कि 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनने जा रही है। राजनीतिक बेचैनी के कारण सपा और उसके नेता अलग-अलग मुद्दों पर राजनीतिक प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने अखिलेश यादव पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि वह वास्तव में पिछड़ों, दलितों और ब्राह्मणों के हितैषी हैं तो 2012 से 2017 तक रही अपनी सरकार में उनके हितों की चिंता क्यों नहीं की।

कांवड़ से कुंभ तक आस्था पर भाजपा का फोकस

मौर्य ने भाजपा सरकार की धार्मिक और सांस्कृतिक नीतियों का बचाव करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रियों से लेकर कुंभ यात्रियों तक श्रद्धालुओं का सम्मान और स्वागत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राम भक्त हों, शिव भक्त हों, भगवान श्रीकृष्ण के भक्त हों या मां भगवती के उपासक सभी की आस्था और सम्मान के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान उसकी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत से भी है और सरकार विरासत संरक्षण के साथ विकास को आगे बढ़ा रही है।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News