- कानपुर में लगातार बारिश के चलते बदला वेन्यू, प्लेऑफ और फाइनल अब इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होंगे; खिलाड़ियों की सुरक्षा और निष्पक्ष मुकाबले को प्राथमिकता
भारत 19
कानपुर। कानपुर में लगातार हो रही बारिश के चलते यूपी टी-20 लीग के प्लेऑफ और फाइनल मैचों का वेन्यू बदल दिया गया है। अब ये सभी निर्णायक मुकाबले कानपुर के बजाय लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। मैच पूर्व निर्धारित तारीखों पर ही आयोजित किए जाएंगे।
बारिश और मौसम के चलते लिया फैसला
यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल ने कानपुर में लगातार बारिश और आने वाले दिनों के मौसम पूर्वानुमान को देखते हुए प्लेऑफ मुकाबले लखनऊ शिफ्ट करने का निर्णय लिया। कानपुर में खराब मौसम के कारण मैचों को निर्बाध रूप से पूरा कराने में लगातार दिक्कतें आ रही हैं। गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि खिलाड़ियों की सुरक्षा, सभी टीमों को समान खेल परिस्थितियां उपलब्ध कराना और मुकाबलों की गुणवत्ता बनाए रखना लीग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्लेऑफ जैसे निर्णायक मुकाबलों में प्रत्येक टीम को पूरे 20 ओवर खेलने का समान और उचित अवसर मिलना जरूरी है।
गीली आउटफील्ड से बढ़ सकता है चोट का खतरा
लगातार बारिश के कारण मैदान की आउटफील्ड गीली होने से खिलाड़ियों के चोटिल होने का खतरा बढ़ सकता है। इसके अलावा मैचों के बार-बार बाधित होने और देर रात तक मुकाबले खिंचने की स्थिति में खिलाड़ियों पर शारीरिक और मानसिक थकान भी बढ़ सकती है। लीग प्रबंधन के मुताबिक लखनऊ में मुकाबले कराने से टीमों को बेहतर खेल परिस्थितियां मिलेंगी। इससे खिलाड़ियों को अपनी रणनीति और क्षमता के अनुसार प्रदर्शन का पूरा अवसर मिलेगा, जबकि दर्शक भी बिना अनावश्यक व्यवधान के प्लेऑफ और फाइनल का आनंद ले सकेंगे।
किसी टीम के पक्ष-विपक्ष में नहीं फैसला
डॉ. संजय कपूर ने कहा कि प्लेऑफ और फाइनल को कानपुर से लखनऊ शिफ्ट करने का फैसला किसी टीम के पक्ष या विपक्ष में नहीं है। यह निर्णय खेल की निष्पक्षता और खिलाड़ियों के हित को ध्यान में रखकर लिया गया है। उन्होंने कहा कि लीग प्रबंधन का प्रयास है कि निर्णायक मुकाबलों में सभी टीमों को पूरे 20 ओवर खेलने का अवसर मिले और मुकाबले बेहतर परिस्थितियों में संपन्न हों। यूपी टी-20 लीग प्रबंधन ने कानपुर में अब तक हुए मुकाबलों के दौरान दर्शकों, खिलाड़ियों, टीमों, पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों तथा सभी सहयोगी संस्थाओं से मिले समर्थन के लिए आभार जताया। प्रेस कांफ्रेंस में उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।


