Hot Topics

जन्मदिन बना यादगार, रामबाग पार्क में गूंजीं खुशियों की किलकारियां

कानपुर। पी रोड स्थित रामबाग पार्क शुक्रवार को भावनाओं, अपनत्व और खुशियों का केंद्र बन गया। धर्म प्रसार जन कल्याण समिति द्वारा संचालित निशुल्क विद्यालय में बच्चों विद्यांशी और प्रिंस का जन्मदिन जरूरतमंद बच्चों के साथ बेहद खास अंदाज में मनाया गया। यह आयोजन केवल जन्मदिन का उत्सव नहीं, बल्कि उन बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास था, जो अक्सर पारिवारिक स्नेह और ऐसे अवसरों की खुशियों से वंचित रह जाते हैं।

विद्यालय परिसर में जैसे ही विद्यांशी और प्रिंस ने केक काटा, बच्चों की तालियों और किलकारियों से पूरा माहौल गूंज उठा। सभी बच्चों ने मिलकर जन्मदिन गीत गाया और दोनों बच्चों को शुभकामनाएं दीं। इसके बाद केक और मिठाइयों का वितरण किया गया। बच्चों के चेहरे पर दिख रही खुशी ने कार्यक्रम को भावुक और यादगार बना दिया।

संस्था के संस्थापक गौरव शास्त्री ने बताया कि धर्म प्रसार जन कल्याण समिति वर्षों से जरूरतमंद और असहाय बच्चों को निशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है। विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के नैतिक, मानसिक और सामाजिक विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।

कार्यक्रम के अंत में गौरव शास्त्री ने समाज से बच्चों की शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए सहयोग की अपील करते हुए कहा, “पढ़ेगा इंडिया, तभी आगे बढ़ेगा इंडिया।” इस अवसर पर भूपेंद्र साह, कृष्णा, सुजीत कुमार, अरविंद समेत संस्था के कई सदस्य उपस्थित रहे।

AKASH CHAUDHARY | BHARAT19 NEWS

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News