Hot Topics

PM किसान सम्मान निधि से वंचित किसानों के लिए फिर खुला पोर्टल, शीघ्र कराएं पंजीकरण

KANPUR/ कानपुर नगर के उन किसानों के लिए राहत भरी खबर है जो किसी कारणवश प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ अब तक नहीं ले सके थे। भारत सरकार ने ऐसे किसानों के लिए एक बार फिर पोर्टल पर आवेदन और अपडेट की सुविधा उपलब्ध करा दी है। विशेष रूप से वे किसान, जिनके पास वर्ष 2019 से पहले की कृषि भूमि है लेकिन किसी तकनीकी, दस्तावेजी या अन्य कारणों से योजना में आवेदन नहीं कर पाए थे, अब दोबारा पंजीकरण कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

उप कृषि निदेशक कानपुर नगर डॉ. आर.एस. वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि ऐसे सभी पात्र कृषकों से अपील की गई है कि वे अपने नजदीकी जन सुविधा केंद्र (CSC) पर जाकर शीघ्र नया आवेदन या अपने पुराने आवेदन का अपडेट पंजीकरण कराएं। इससे उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता का लाभ मिल सकेगा।

इस नई व्यवस्था के तहत ऐसे किसानों को भी राहत दी गई है जिनके पास अपने पिता का आधार कार्ड या मृतक प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं है। अब वे भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना नया या अपडेट पंजीकरण करा सकेंगे। इसके अलावा सरकार ने कुछ अपूर्ण मामलों के सत्यापन और डाटा शुद्धिकरण के लिए भी विशेष व्यवस्था लागू की है।

इनमें मुख्य रूप से तीन श्रेणियां शामिल की गई हैं। पहली, उत्तराधिकारी के अलावा अन्य कारणों से भूमि परिवर्तन के मामले। दूसरी, पूर्व भू-स्वामी की पहचान संबंधी जानकारी से जुड़े प्रकरण। तीसरी, ऐसे मामले जिनमें पूर्व और वर्तमान दोनों भू-स्वामियों के खातों में योजना का लाभ पहुंच गया हो। ऐसे सभी किसान CSC केंद्र के माध्यम से pmkisan.gov.in पोर्टल पर जाकर “अपडेट मिसिंग इंफॉर्मेशन” विकल्प के जरिए अपनी जानकारी संशोधित करा सकते हैं।

अधिकारियों के अनुसार, जिन किसानों का लाभ किसी त्रुटि के कारण रुक गया था, वे भी डाटा सुधार के बाद दोबारा योजना का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। हालांकि नया आवेदन या अपडेट पंजीकरण कराने के लिए फॉर्मर रजिस्ट्री होना अनिवार्य किया गया है।

कृषि विभाग ने पात्र किसानों से अपील की है कि वे समय रहते इस विशेष अवसर का लाभ उठाएं और आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना पंजीकरण पूरा कराएं, ताकि केंद्र सरकार की इस महत्वपूर्ण किसान हितैषी योजना का लाभ उन्हें मिल सके।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News