मूसलियर कॉलेज के छात्रों ने ताज महल से ताज ईस्ट गेट तक मेट्रो यात्रा की, टेक्निकल रूम में एएफसी, सीसीटीवी और ट्रेन कंट्रोल सिस्टम की जानकारी ली
भारत 19
आगरा। केरल के मूसलियर कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के छात्रों ने आगरा मेट्रो का शैक्षणिक भ्रमण कर इसके संचालन और आधुनिक तकनीकी प्रणालियों को करीब से समझा। सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स शाखाओं के छात्रों ने ताज महल मेट्रो स्टेशन से ताज ईस्ट गेट मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो से यात्रा की। इसके बाद स्टेशनों के तकनीकी कक्षों का भ्रमण कर मेट्रो संचालन में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
मेट्रो के संचालन और तकनीक की समझी बारीकियां
भ्रमण के दौरान आगरा मेट्रो के अधिकारियों ने छात्रों को मेट्रो की सिविल संरचना, मशीनरी और तकनीकी प्रणालियों के बारे में जानकारी दी। छात्रों को एएफसी (ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन) प्रणाली, स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों, ट्रेनों के संचालन और मेनलाइन पर ट्रेन नियंत्रण से जुड़ी व्यवस्थाओं की कार्यप्रणाली समझाई गई। अलग-अलग इंजीनियरिंग शाखाओं से आए छात्रों ने मेट्रो में इस्तेमाल होने वाली तकनीक को अपने अध्ययन से जोड़कर समझा। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षित और सुचारु मेट्रो संचालन में विभिन्न तकनीकी प्रणालियां किस तरह काम करती हैं।
टेक्निकल रूम में देखीं संचालन से जुड़ी मशीनें
छात्रों ने स्टेशनों के टेक्निकल रूम का भी भ्रमण किया। यहां उन्होंने मेट्रो के सुचारु संचालन में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न मशीनों और तकनीकी व्यवस्थाओं को करीब से देखा। आगरा मेट्रो के अधिकारियों ने छात्रों को इन तकनीकों के काम करने के तरीके और संचालन में उनके महत्व की जानकारी दी। शैक्षणिक भ्रमण के दौरान छात्रों को मेट्रो संचालन, तकनीकी प्रणालियों और स्टेशन स्तर पर होने वाली व्यवस्थाओं को व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर मिला। इससे उन्हें इंजीनियरिंग की पढ़ाई में शामिल तकनीकी अवधारणाओं को वास्तविक मेट्रो प्रणाली से जोड़कर देखने का मौका मिला।
