Hot Topics

नवरात्र की डेडलाइन, सड़कें नहीं बनीं तो अफसरों पर कार्रवाई

  • कानपुर में सांसद रमेश अवस्थी का चुन्नीगंज से किदवई नगर तक औचक निरीक्षण, जर्जर सड़कों पर अधिकारियों को फटकार; खराब सड़कों को प्राथमिकता से ठीक करने के निर्देश

भारत 19

कानपुर। शहर की गड्ढों से भरी सड़कों को लेकर अब अधिकारियों के सामने समयसीमा तय कर दी गई है। सोमवार को कानपुर सांसद रमेश अवस्थी अचानक सड़कों की हकीकत देखने निकले और चुन्नीगंज से किदवई नगर तक औचक निरीक्षण किया। जगह-जगह सड़क की बदहाली देखकर उन्होंने लोक निर्माण विभाग समेत संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा और साफ कहा कि नवरात्र तक सड़कें दुरुस्त नहीं हुईं तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होगी।

चुन्नीगंज में गड्ढों पर अफसरों से मांगा जवाब

सांसद ने सबसे पहले चुन्नीगंज स्थित शनिदेव मंदिर वाली सड़क का निरीक्षण किया। सड़क की खराब हालत और आवागमन में हो रही परेशानी देखकर उन्होंने अधिकारियों से जवाब-तलब किया। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान निर्माण कार्य प्रभावित होने की बात समझ में आती है, लेकिन अब बारिश थम चुकी है। ऐसे में सड़क निर्माण और मरम्मत में देरी का कोई कारण स्वीकार नहीं किया जाएगा। सांसद ने अधिकारियों से कहा कि जनता लंबे समय से टूटी सड़कों और गड्ढों की परेशानी झेल रही है। अब बहाने नहीं, सड़क पर काम दिखाई देना चाहिए। नवरात्र के दौरान शहर में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होगी। ऐसे में उससे पहले प्रमुख और खराब सड़कों को हर हाल में दुरुस्त कराया जाए।

जूही डिपो से किदवई नगर तक भी देखी सड़क

इसके बाद सांसद ने जूही डिपो से किदवई नगर थाने तक सड़क का निरीक्षण किया। किदवई नगर विधायक महेश त्रिवेदी और संबंधित विभागों के अधिकारी भी उनके साथ रहे। यहां भी सड़क की खराब स्थिति को लेकर सांसद ने अधिकारियों को तत्काल काम शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन सड़कों की हालत ज्यादा खराब है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराया जाए। सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर भी सांसद ने अधिकारियों को चेताया। उन्होंने कहा कि जनता के पैसे से होने वाले काम में घटिया सामग्री या केवल खानापूर्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सड़क बनने के कुछ समय बाद दोबारा खराब होने की शिकायत मिली तो जिम्मेदारी तय की जाएगी।

अब फाइल नहीं, मौके पर होगी विकास की निगरानी

सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि विकास कार्यों की समीक्षा अब केवल बैठकों और फाइलों तक सीमित नहीं रहेगी। वह खुद मौके पर पहुंचकर सड़कों की प्रगति और निर्माण की गुणवत्ता देखेंगे। अधिकारियों को तय समयसीमा में काम पूरा करने के साथ यह भी सुनिश्चित करना होगा कि मरम्मत के बाद लोगों को लंबे समय तक राहत मिले। कानपुर में सड़कों की बदहाली का मुद्दा इन दिनों लगातार सामने आ रहा है। हाल में किदवई नगर में व्यापारियों ने सीएम ग्रिड सड़क निर्माण में देरी और गड्ढों को लेकर प्रदर्शन भी किया था तथा त्योहारों से पहले सड़कें दुरुस्त कराने की मांग उठाई थी। निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, शिवराम सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अनूप मिश्रा, जल निगम के अधिशासी अभियंता प्रवीण यादव, सहायक अभियंता अमित कुमार, अभिनव दीक्षित, उपेंद्र शुक्ला समेत भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News