- गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी की यूपीएमआरसी को सीधी चेतावनी; रावतपुर-डबल पुलिया से बर्रा बाईपास तक सड़कें हर हाल में चलने लायक बनाने के निर्देश
भारत 19
कानपुर। दीपावली की समयसीमा नजदीक है और कानपुर में मेट्रो निर्माण की रफ्तार पर सवाल उठ रहे हैं। गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने यूपीएमआरसी अधिकारियों को दो टूक चेतावनी दी कि तय समय तक जमीन पर चल रहा काम पूरा नहीं हुआ तो वह जनता और श्रमिकों के साथ मेट्रो की टीन-बैरिकेडिंग उखाड़ कर फेंक देंगे। उन्होंने इसकी पूरी जिम्मेदारी मेट्रो अधिकारियों की तय करने की बात कही। विधायक ने बताया कि करीब पांच महीने पहले उन्होंने मेट्रो के काम का निरीक्षण किया था। तब अधिकारियों ने दीपावली तक ग्राउंड लेवल के काम पूरे करने, सड़क के दोनों किनारों को आवागमन के लिए खोलने और टीन की बैरिकेडिंग हटाने का भरोसा दिया था। अब तक की प्रगति से वह संतुष्ट नहीं हैं।
रावतपुर से बर्रा बाईपास तक लिया जायजा
मंगलवार को विधायक ने यूपीएमआरसी के तकनीकी व फील्ड अधिकारियों तथा निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इसके बाद रावतपुर से डबल पुलिया, शास्त्री चौक, विजय नगर, सीटीआई और बर्रा बाईपास तक चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन हिस्सों में जमीन पर निर्माण कार्य चल रहा है, वहां काम को गति दी जाए। खासतौर पर देवकी टॉकीज से डबल पुलिया, विजय नगर, सीटीआई, शास्त्री चौक और बर्रा बाईपास वाले हिस्सों में दीपावली से पहले सड़कें आम लोगों के इस्तेमाल के लिए तैयार होनी चाहिए।
बोले-जो कहा है, करके दिखाऊंगा
मैथानी ने कहा कि लंबे समय से निर्माण के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। यदि दीपावली तक स्थिति नहीं सुधरी तो वह पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह जो कहते हैं, उसे करके दिखाते हैं। बैठक के बाद यूपीएमआरसी अधिकारियों ने सभी संबंधित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और सड़क आवागमन बहाल करने का आश्वासन दिया। बैठक में यूपीएमआरसी के अपर मुख्य अभियंता बृजेश कुमार वर्मा, उप मुख्य अभियंता आदर्श कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता अभिनव पटेल, केपीआईएल के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पंकज शर्मा और डीपीएम वरुण सैनी मौजूद रहे।


