Hot Topics

कानपुर में गंदगी के बीच बन रहा था खाना, तीन किचन बंद

  • फैथफुलगंज में सड़क किनारे बन रहे थे समोसे, क्लाउड किचन में 650 सड़े अंडे और 40 किलो एग करी मिली; 15 खाद्य नमूने जांच को भेजे गए

भारत 19

कानपुर। शहर में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में खाद्य कारोबार में लापरवाही की गंभीर तस्वीर सामने आई। फैथफुलगंज में सड़क किनारे समोसे बनते मिले तो डि लाइट हाटा के क्लाउड किचन में 650 सड़े अंडे और 40 किलो एग करी मिली। रेल बाजार के एक अन्य किचन में भी गंदगी के बीच खाद्य सामग्री तैयार की जा रही थी। तीनों प्रतिष्ठानों में कार्रवाई करते हुए खाद्य कारोबार बंद कराया गया और 15 खाद्य नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।

सड़क किनारे बन रहे थे समोसे, फर्श में भरा था पानी

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय के आदेश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने फैथफुलगंज स्थित मेसर्स अंबर ट्रेडर्स एवं जनरल सप्लायर का निरीक्षण किया। प्रतिष्ठान के मुख्य प्रवेश द्वार पर सड़क किनारे ही समोसा निर्माण होता मिला। निर्माण स्थल का फर्श टूटा हुआ था और उसमें पानी भरा था। निर्माण स्थल पर दीवारों के स्थान पर लगी टिन की चादरों पर धूल और चिकनाई की मोटी परत जमी थी। प्रदूषण की रोकथाम के लिए एग्जॉस्ट फैन की व्यवस्था भी नहीं थी। टीम को पेस्ट कंट्रोल से संबंधित कोई दस्तावेज और किचन की सफाई का रिकॉर्ड नहीं मिला। खाद्य निर्माण में लगे कर्मचारियों के स्वास्थ्य संबंधी प्रमाणपत्र या दस्तावेज भी मौके पर प्रस्तुत नहीं किए गए। कर्मचारी ग्लव्स और हेड कवर के बिना खाद्य निर्माण करते मिले। निर्माण स्थल की हाइजीन स्थिति बेहद खराब पाए जाने पर खाद्य कारोबार स्थगित कर दिया गया।

सात खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच को भेजे

निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता पर संदेह के आधार पर टीम ने मैदा लूज, पिसी लाल मिर्च, नमक, समोसा निर्माण के लिए तैयार सब्जी, सोयाबीन, लूज रिफाइंड ऑयल और तैयार समोसे के नमूने लिए। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अनुरूप परिसर में साफ-सफाई नहीं मिलने पर कार्रवाई की गई। नमूने लेने के बाद अस्वच्छ परिस्थितियों को देखते हुए विक्रय और मानव उपभोग के लिए रखे करीब 218 तैयार समोसे खाद्य कारोबारकर्ता से मौके पर ही नष्ट कराए गए।

क्लाउड किचन में 650 सड़े अंडे और 40 किलो एग करी

टीम ने 562 डी लाइट हाटा स्थित शेरखान क्लाउड किचन का भी निरीक्षण किया। यहां किचन की स्थिति अस्वच्छ मिली। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पैक्ड अचार, आटा, तैयार चावल और एग करी के चार नमूने संग्रहित किए। किचन की अस्वच्छ स्थिति को देखते हुए खाद्य कारोबार तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। मौके पर करीब 40 किलो एग करी, जिसकी कीमत लगभग 4,800 रुपये बताई गई, और 650 सड़े अंडे, कीमत करीब 6,500 रुपये, नष्ट कराए गए। इसके अलावा अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार एग करी और चावल से बनी 250 पैक्ड प्लेटें, जिनकी कीमत करीब 12,500 रुपये बताई गई, का भी विनष्टीकरण कराया गया। खाद्य कारोबारी को प्रतिष्ठान की मरम्मत कराने और स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने के बाद विभाग को सूचना देने के निर्देश दिए गए। विभाग को सूचित करने के बाद ही दोबारा खाद्य कारोबार करने को कहा गया।

रेल बाजार के किचन में 200 समोसे नष्ट

खाद्य सुरक्षा टीम ने रेल बाजार स्थित एसए एंटरप्राइजेज के किचन का भी निरीक्षण किया। यहां गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य कारोबार होता मिला। टीम ने समोसा, मैदा, गरम मसाला और नमक के चार नमूने संग्रहित किए। मौके पर तैयार करीब 200 समोसे, जिनकी कीमत लगभग 2,000 रुपये थी, नष्ट कराए गए। निरीक्षण में मिली कमियों के आधार पर प्रतिष्ठान के खिलाफ सुधार सूचना की संस्तुति की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई में तीनों प्रतिष्ठानों से लिए गए कुल 15 खाद्य नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News