- यूटीटी राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप में झारखंड और पीएसपीबी के खिलाड़ियों को 3-1 से हराया; एक दिन पहले अंडर-13 में भी किया था क्वालीफाई, कानपुर की युवा प्रतिभा का लगातार शानदार प्रदर्शन
Bharat 19/ कानपुर। राष्ट्रीय टेबल टेनिस के मंच पर कानपुर की युवा प्रतिभा ने लगातार दूसरे दिन अपनी दस्तक दर्ज कराई है। द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) के अधिराज मजूमदार ने यूटीटी राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 में मंगलवार को अंडर-15 बालक वर्ग के मुख्य ड्रॉ में जगह बनाकर बड़ा उलटफेर किया। अधिराज ने क्वालीफाइंग मुकाबलों में पहले झारखंड और फिर पीएसपीबी के खिलाड़ियों को समान 3-1 के अंतर से हराया। खास बात यह है कि एक दिन पहले ही वह अंडर-13 बालक वर्ग में भी मुख्य ड्रॉ के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं। यानी राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में अधिराज ने लगातार दो दिन दो आयु वर्गों में अपनी जगह पक्की कर टीएसएच और कानपुर की टेबल टेनिस प्रतिभा का दम दिखाया है।
अधिराज का प्रदर्शन इसलिए भी अहम है क्योंकि अंडर-15 जैसे ऊंचे आयु वर्ग में मुख्य ड्रॉ तक पहुंचने के लिए उन्हें अपने से अधिक उम्र और अनुभव वाले खिलाड़ियों की चुनौती पार करनी पड़ी। अब बुधवार से शुरू होने वाले अंडर-15 के मुख्य ड्रॉ में उनके सामने राष्ट्रीय स्तर के शीर्ष युवा खिलाड़ियों की चुनौती होगी। उनकी नजर इस प्रदर्शन को अगले दौर तक ले जाने पर होगी। अधिराज ने मंगलवार को अंडर-15 बालक वर्ग के क्वालीफाइंग चरण में पहले झारखंड के खिलाड़ी को 3-1 से मात दी। इसके बाद दूसरे मुकाबले में पीएसपीबी के खिलाड़ी को भी इसी अंतर से हराकर मुख्य ड्रॉ में प्रवेश किया। अंडर-15 बालक वर्ग का मुख्य ड्रॉ बुधवार से शुरू होगा। अधिराज के सामने अब देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे शीर्ष युवा खिलाड़ियों की चुनौती होगी।
अंडर-13 में क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में रोमांच
प्रतियोगिता के तीसरे दिन अंडर-13 बालक एवं बालिका वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में भी कड़ा संघर्ष देखने को मिला। बालक वर्ग में दिल्ली के अरुणिम अग्रवाल ने पश्चिम बंगाल के देबांशु चक्रवर्ती को पांच गेम तक चले मुकाबले में 5-11, 13-11, 11-3, 9-11, 11-9 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। पश्चिम बंगाल के अरिव दत्ता ने तमिलनाडु के एच. तनीष को 11-6, 15-13, 11-7 से हराया। राजदीप बिस्वास ने महाराष्ट्र के अधिराज चौहान को 11-4, 11-6, 13-11 से मात दी। वहीं पश्चिम बंगाल के जेम महालनाबिश ने पीएसपीबीए के रयान बोर्थाकुर को 11-7, 11-6, 10-12, 11-8 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया।
बालिका वर्ग में भी खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला
अंडर-13 बालिका वर्ग के क्वार्टर फाइनल में असम की दिविजा पॉल ने उत्तर प्रदेश की पेहल गुप्ता को 11-8, 6-11, 11-9, 13-11 से हराया। महाराष्ट्र की महिका सुस्वीरकर ने अपनी ही राज्य की केशिका पुरकर को पांच गेम में 8-11, 11-4, 7-11, 11-6, 11-8 से पराजित किया। असम की ईशानी गोगोई ने पश्चिम बंगाल की आराध्या डे सरकार को 11-4, 11-8, 11-3 से हराया। दिल्ली की ख्याति पांडे ने उत्तर प्रदेश की अनिष्का गुप्ता को 11-9, 11-8, 11-6 से मात देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
यूपी की पेहल और अनिष्का ने भी दिखाया दम
उत्तर प्रदेश की पेहल गुप्ता ने प्री-क्वार्टर फाइनल में महाराष्ट्र की वेदिका जायसवाल को 11-7, 11-5, 11-4 से हराया था। वहीं अनिष्का गुप्ता ने महाराष्ट्र की आद्या बाहेती को 12-10, 15-13, 8-11, 11-8 से मात देकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी। हालांकि दोनों खिलाड़ियों का सफर क्वार्टर फाइनल में समाप्त हो गया, लेकिन राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अंतिम आठ तक पहुंचकर उन्होंने प्रदेश की युवा टेबल टेनिस प्रतिभा का मजबूत प्रदर्शन किया।
19 अगस्त को होंगे सेमीफाइनल और फाइनल
अंडर-11 और अंडर-13 बालक एवं बालिका वर्ग के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले 19 अगस्त को खेले जाएंगे। इसके बाद पुरस्कार वितरण समारोह होगा। वहीं अंडर-15 बालक एवं बालिका वर्ग के मुख्य ड्रॉ के मुकाबले भी बुधवार से शुरू होंगे। अंडर-13 बालक वर्ग के सेमीफाइनल में अरिव दत्ता, राजदीप बिस्वास, अरुणिम अग्रवाल और जेम महालनाबिश आमने-सामने होंगे। बालिका वर्ग में दिविजा पॉल, ईशानी गोगोई, महिका सुस्वीरकर और ख्याति पांडे खिताब की दौड़ में उतरेंगी। मंगलवार को प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में बीना लवानिया (आगरा) मौजूद रहीं। इस दौरान संजीव पाठक, चेयरमैन यूपीटीटीए और अरुण बनर्जी, सचिव भी उपस्थित रहे।

