Hot Topics

बैंक यूनियन ने बदला फैसला, रविवार को चेक क्लीयरिंग

  • आरबीआई के निर्देश के बाद क्लीयरिंग पर सहमति; 27 सितंबर को बैंक शाखाओं में काउंटर सेवाएं भी जारी, 28 से 30 सितंबर की प्रस्तावित हड़ताल के बीच ग्राहकों को राहत

भारत 19

कानपुर। रविवार 27 सितंबर को बैंक शाखाएं खुलने के बावजूद चेक क्लीयरिंग नहीं होने की सुबह बनी स्थिति शाम तक बदल गई। बैंक यूनियन और कर्मचारियों ने रविवार को चेक क्लीयरिंग करने पर सहमति जता दी। पीएनबी स्टाफ एसोसिएशन के चेयरमैन अनिल सोनकर के मुताबिक, रिजर्व बैंक की ओर से क्लीयरिंग को लेकर निर्देश मिलने के बाद यूनियन इसके लिए तैयार हुई है। इससे चेक के जरिए भुगतान करने और रकम पाने वाले ग्राहकों को राहत मिलेगी।

सुबह क्लीयरिंग से इनकार, शाम को बदला फैसला

दरअसल, तीन दिवसीय प्रस्तावित बैंक हड़ताल और लगातार पड़ रही छुट्टियों को देखते हुए 27 सितंबर रविवार को बैंक शाखाएं खोलने का निर्णय लिया गया था। हालांकि, सुबह बैंक कर्मचारियों और यूनियनों ने रविवार को चेक क्लीयरिंग का काम करने से इनकार किया था। यूनियनों का कहना था कि रविवार को क्लीयरिंग के लिए परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट) के तहत स्पष्ट आदेश जरूरी है। इसी को लेकर सुबह असमंजस की स्थिति बनी रही। देर शाम बैंक यूनियन की ओर से रुख बदलने के बाद रविवार को क्लीयरिंग का रास्ता साफ हो गया।

आरबीआई के निर्देश के बाद क्लीयरिंग को हरी झंडी

पीएनबी स्टाफ एसोसिएशन के चेयरमैन अनिल सोनकर ने देर शाम बताया कि रिजर्व बैंक ने रविवार को चेक क्लीयरिंग करने के लिए कहा है। आरबीआई के नए निर्देश के बाद रविवार को बैंक शाखाओं में क्लीयरिंग का काम भी किया जाएगा। वहीं, वी बैंकर्स के राष्ट्रीय महामंत्री आशीष मिश्रा ने कहा कि क्लीयरिंग के लिए अलग से कोई आदेश नहीं होता। जब रविवार को सामान्य तरीके से शाखाएं खुलनी हैं तो चेक क्लीयरिंग भी बैंकिंग प्रक्रिया का हिस्सा है, जिससे मना नहीं किया जा सकता।

कारोबारियों और ग्राहकों को मिलेगी बड़ी राहत

रविवार को चेक क्लीयरिंग होने से कारोबारियों, व्यापारियों, संस्थानों और व्यक्तिगत ग्राहकों को राहत मिलेगी। चेक जमा होने के बाद उसकी क्लीयरिंग और भुगतान निपटाने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी। लगातार छुट्टियों और 28 से 30 सितंबर की प्रस्तावित बैंक हड़ताल के बीच रविवार को क्लीयरिंग की सुविधा उन ग्राहकों के लिए महत्वपूर्ण होगी, जिनके भुगतान चेक के माध्यम से होने हैं। इससे चेक आधारित लेनदेन में संभावित देरी कम करने में मदद मिलेगी। बैंक संघों के निर्देश के अनुसार रविवार को शाखाओं में परिचालन की दृष्टि से संभव सीमा तक काउंटर सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। लगातार छुट्टियों और प्रस्तावित हड़ताल के दौरान नकदी की उपलब्धता बनाए रखने के लिए एटीएम में नकदी भरने की व्यवस्था भी की जाएगी।

शाम पांच बजे बैंक कर्मी निकालेंगे जुलूस

बैंक यूनियन की ओर से रविवार को विरोध कार्यक्रम भी जारी रहेगा। यूनाइटेड फोरम के सह-संयोजक प्रवीण मिश्रा और अंकुर द्विवेदी ने बताया कि बैंककर्मी और अधिकारी अपनी मांगों के समर्थन में 27 सितंबर को शाम पांच बजे जुलूस निकालेंगे। जुलूस इंडियन बैंक, बड़ा चौराहा से शुरू होकर एलआईसी ऑफिस, फूलबाग तक जाएगा। यानी रविवार को बैंक शाखाओं में सेवाएं और चेक क्लीयरिंग जारी रखने की तैयारी के साथ बैंककर्मी अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन भी करेंगे।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News