- गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र के 25 स्कूलों के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने सदन की कार्यप्रणाली, संसदीय प्रक्रिया, विजिटर्स गैलरी और डिजिटल म्यूजियम का किया भ्रमण
भारत 19
कानपुर। गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र के 25 हाईस्कूल और इंटरमीडिएट स्कूलों के मेधावी छात्र-छात्राओं और उनके शिक्षकों ने सोमवार को लखनऊ पहुंचकर उत्तर प्रदेश विधानसभा का भ्रमण किया। विधायक सुरेंद्र मैथानी के नेतृत्व में पहुंचे दल ने सदन की कार्यप्रणाली, व्यवस्थाओं और संसदीय प्रक्रिया को करीब से समझा। विद्यार्थियों को विधानसभा के कामकाज और लोकतांत्रिक व्यवस्था की व्यावहारिक जानकारी भी दी गई।
विधानसभा की कार्यप्रणाली और इतिहास की जानकारी
विधानसभा परिसर में विधायक सुरेंद्र मैथानी ने छात्र-छात्राओं को सदन की कार्यप्रणाली और विधानसभा के इतिहास के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के बैठक स्थल (मुख्य कक्ष), सदन के अंदर की व्यवस्थाओं और संसदीय प्रक्रियाओं को समझा। इसके बाद छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने विधानसभा की विजिटर्स गैलरी का भ्रमण किया। इस दौरान उन्हें सदन की कार्यवाही और विधानसभा की व्यवस्थाओं को करीब से देखने का अवसर मिला।
डिजिटल म्यूजियम में समझा प्रदेश का राजनीतिक सफर
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने नवनिर्मित डिजिटल म्यूजियम भी देखा। यहां उपलब्ध जानकारी के माध्यम से उन्होंने उत्तर प्रदेश के राजनीतिक और ऐतिहासिक सफर को समझा। विधानसभा भ्रमण से विद्यार्थियों को किताबों में पढ़ी संसदीय व्यवस्था और लोकतांत्रिक संस्थाओं को प्रत्यक्ष रूप से जानने का अवसर मिला।
पढ़ाई के साथ समाज और राष्ट्र सेवा का संदेश
भ्रमण के बाद विधायक सुरेंद्र मैथानी के साथ छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने विधायक कैंटीन में भोजन किया। इस दौरान विधायक ने विद्यार्थियों से बातचीत की और उन्हें पढ़ाई के साथ राष्ट्र सेवा तथा समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था और विधानसभा की कार्यप्रणाली की जानकारी होना जरूरी है। ऐसे भ्रमण से विद्यार्थियों को किताबों में पढ़ी संसदीय व्यवस्था को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिलता है। इस दौरान दीपक सिंह, वेणुरंजन भदौरिया, परमानंद शुक्ला, डॉ. रश्मी, रीता वर्मा, सुमन कुमारी, शिवदेवी और शिवपूजा मिश्रा समेत शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

