- घर से मेट्रो स्टेशन और स्टेशन से गंतव्य तक ऐप से मिलेगी टैक्सी; मांग बढ़ने पर भी नहीं लगेगा सर्ज प्राइस, यूपीएमआरसी और सहकार टैक्सी के बीच हुआ समझौता
भारत 19
लखनऊ। लखनऊ मेट्रो यात्रियों के लिए अब घर से स्टेशन और स्टेशन से अंतिम गंतव्य तक पहुंचना आसान होगा। फर्स्ट और लास्ट माइल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) और सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड के बीच समझौता हुआ है। सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड ‘भारत टैक्सी’ नाम से मोबिलिटी प्लेटफॉर्म संचालित करता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस सेवा को हरी झंडी दिखाई।
ऐप से बुक होगी भारत टैक्सी
समझौता ज्ञापन के तहत लखनऊ मेट्रो यात्रियों को ऐप के माध्यम से भारत टैक्सी बुक करने की सुविधा मिलेगी। यात्री अपने घर या कार्यालय से मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने के लिए टैक्सी बुक कर सकेंगे। इसी तरह मेट्रो से उतरने के बाद अंतिम गंतव्य तक जाने के लिए भी भारत टैक्सी का इस्तेमाल किया जा सकेगा। इससे मेट्रो यात्रा के पहले और आखिरी चरण के लिए यात्रियों को एक और परिवहन विकल्प उपलब्ध होगा।
मांग बढ़ने पर भी नहीं बढ़ेगा किराया
भारत टैक्सी सेवा की प्रमुख विशेषता यह होगी कि अधिक मांग के समय अतिरिक्त किराया यानी सर्ज प्राइसिंग लागू नहीं होगी। इससे पीक टाइम या ज्यादा मांग के दौरान यात्रियों को किराए में अचानक होने वाली बढ़ोतरी से राहत मिलने की उम्मीद है। ऐप आधारित बुकिंग के जरिए यात्री अपनी जरूरत के अनुसार मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने और वहां से आगे की यात्रा के लिए टैक्सी सेवा ले सकेंगे।
मेट्रो के साथ जुड़ेगा फर्स्ट-लास्ट माइल नेटवर्क
यूपीएमआरसी के मुताबिक मेट्रो को शहर के सार्वजनिक परिवहन का प्रमुख माध्यम बनाने के लिए केवल मेट्रो नेटवर्क का विस्तार पर्याप्त नहीं है। स्टेशनों तक पहुंच और स्टेशन से आगे का सफर आसान होना भी जरूरी है। भारत टैक्सी के साथ हुआ समझौता इसी फर्स्ट और लास्ट माइल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में किया गया है।
पहले से कई सेवाओं के साथ यूपीएमआरसी की पहल
यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने बताया कि लखनऊ मेट्रो यात्रियों को बेहतर लास्ट-माइल कनेक्टिविटी देने के लिए पहले से रैपिडो, उबर, माई दीदी और अंजनेय जैसी सेवाओं के साथ विशेष पहल कर रहा है। अब भारत टैक्सी के जुड़ने से यात्रियों को मेट्रो स्टेशनों तक आने-जाने के लिए एक और विकल्प मिलेगा।
निजी वाहनों पर निर्भरता घटाने की कोशिश
यूपीएमआरसी का कहना है कि मेट्रो और टैक्सी सेवा के बेहतर समन्वय से यात्रियों को पूरे सफर के लिए सार्वजनिक परिवहन का सुविधाजनक विकल्प मिल सकेगा। इससे मेट्रो स्टेशनों तक पहुंच आसान होने के साथ निजी वाहनों पर निर्भरता कम करने और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने में मदद मिल सकती है।


