Hot Topics

यूपी के 1.16 लाख गरीब परिवारों को आवास की दूसरी किश्त

  • मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 75 जिलों के 1,16,667 लाभार्थियों को 816.67 करोड़ रुपये जारी, पक्के घर का निर्माण आगे बढ़ाने के लिए मिलेगी दूसरी किश्त

भारत 19
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश में गरीब परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने की योजना के तहत सरकार ने दूसरी किश्त जारी कर दी है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत प्रदेश के सभी 75 जिलों के 1,16,667 लाभार्थियों के लिए 816.6690 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त की। यह राशि पात्र लाभार्थियों के आवास निर्माण को आगे बढ़ाने के लिए दी गई है। सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पात्र लाभार्थियों को आवास निर्माण में किसी तरह की परेशानी न हो और निर्धारित धनराशि समय से उनके खातों तक पहुंचाई जाए।

‘कोई मां कच्चे घर में न रहे’

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प है कि कोई गरीब परिवार और कोई मां कच्चे घर में रहने के लिए मजबूर न हो। उन्होंने कहा कि ग्रामीण गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि सम्मानजनक जीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने कहा कि ग्राम्य विकास विभाग योजनाओं की लगातार निगरानी कर पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास कर रहा है।

गांवों के विकास से विकसित भारत का लक्ष्य

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांवों का विकास तेज होगा तो उत्तर प्रदेश का विकास होगा और उत्तर प्रदेश के विकास से विकसित भारत के निर्माण को गति मिलेगी। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को प्रदेश की प्रगति से जोड़ते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।

आवास के साथ सम्मान और सुरक्षा पर जोर

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार का लक्ष्य केवल गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें सम्मान, सुरक्षा और बेहतर जीवन की मजबूत आधारशिला देना भी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के माध्यम से गांवों में सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण को गति मिल रही है। प्रदेश सरकार विकसित भारत-2047 के संकल्प के अनुरूप विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News