Hot Topics

यूपी में आयुष सेवाओं का डिजिटल बूस्ट, नया सिस्टम लॉन्च

  • 11वें आयुर्वेद दिवस समारोह में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने आयुष क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट रजिस्ट्रेशन सिस्टम एप किया लॉन्च, हर जिले में आयुष मेडिकल कॉलेज की दिशा में आगे बढ़ने का ऐलान

भारत 19
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश में आयुष चिकित्सा सेवाओं और संस्थानों के पंजीकरण को डिजिटल बनाने की दिशा में नई पहल शुरू हुई है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित 11वें आयुर्वेद दिवस समारोह में राज्य सरकार के पोर्टल पर विकसित ‘आयुष क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट रजिस्ट्रेशन सिस्टम एप’ लॉन्च किया। सरकार के मुताबिक नए सिस्टम से आयुष चिकित्सा संस्थानों और क्लीनिकों के पंजीकरण की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, त्वरित और सुगम बनाया जा सकेगा।

हर जिले में आयुष मेडिकल कॉलेज की तैयारी

समारोह में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश में आयुष चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के लिए ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन आयुष मेडिकल कॉलेज’ की स्थापना की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आयुष चिकित्सा पद्धति को मजबूत करने के साथ प्रदेश में इसके शैक्षणिक और स्वास्थ्य ढांचे का विस्तार किया जाएगा। नए डिजिटल पोर्टल और एप के जरिए आयुष चिकित्सा संस्थानों और क्लीनिकों के पंजीकरण की व्यवस्था आसान होने के साथ पारदर्शी भी होगी। आयुष चिकित्सा संस्थानों की जानकारी व्यवस्थित तरीके से उपलब्ध हो सकेगी। पोर्टल का उद्देश्य लोगों को गुणवत्तापूर्ण और प्रामाणिक आयुष चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग और आयुर्वेद को वैश्विक स्तर पर नई और प्रामाणिक पहचान मिली है। उन्होंने कि भारतीय डॉक्टरों, इंजीनियरों और उद्यमियों की विदेशों में बनी साख के पीछे देश की अनुशासित जीवनशैली और समृद्ध ज्ञान परंपरा की भी भूमिका है।

आयुष मिशन के तहत सेवाओं का विस्तार

उपमुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत प्रदेश में आयुष हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों और डिजिटल आयुष सेवाओं के विस्तार का भी उल्लेख किया। उन्होंने आयुष चिकित्सा को प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था में और मजबूत करने की जरूरत बताई। मुख्य समारोह से पहले उप मुख्यमंत्री ने परिसर में आयोजित आयुष प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने ‘मेक इन इंडिया’ के तहत निर्मित अत्याधुनिक स्वास्थ्य जांच मशीन के माध्यम से अपने स्वास्थ्य के 150 पैरामीटरों की जांच कराई। 

प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया सम्मानित

समारोह में योगासन, स्लोगन लेखन और चित्रकला प्रतियोगिताओं के विजेता शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र दिए गए। उपमुख्यमंत्री ने संतुलित आहार, योग और नियमित व्यायाम को स्वस्थ जीवन का आधार बताया। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान करते हुए कहा, स्वस्थ शरीर निरोगी काया, इससे बढ़कर ना कोई दूजी माया। समारोह में आयुष राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. दयाशंकर सिंह ‘दयालु’, पद्मश्री के.के. ठकराल, चंद्रशेखर, मनोरंजन साहू, प्रमुख सचिव आयुष रंजन कुमार, महानिदेशक आयुष जी.एस. प्रियदर्शी समेत विभागीय अधिकारी, आयुर्वेद कॉलेजों के प्राचार्य, शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News