- विधायक सुरेंद्र मैथानी ने नगर विकास मंत्री एके शर्मा से की मुलाकात; खराब सड़कों की मरम्मत, निर्माण और सुदृढ़ीकरण की मांग, पर्वों से पहले प्रमुख मार्गों को दुरुस्त कराने पर जोर
भारत 19
कानपुर। विधानसभा चुनाव के चंद महीने बचने पर अब विधायकों में क्षेत्र की दुर्दशा की फिक्र बढ़ गई है। दो रोज पहले बिजली कटौती की समस्या को लेकर बिठूर विधायक का दर्द वायरल वीडियो में दिखा था अब विधायक सुरेंद्र मैथानी अपने गोविंदनगर विधानसभा क्षेत्र की सड़कों की दर्दशा की व्यथा लेकर मंत्री के यहां पहुंच गए। स्थानीय स्तर पर अधिकारियों से शिकायत के बावजूद समाधान नहीं होने पर विधायक ने नगर विकास मंत्री एके शर्मा से मुलाकात कर क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत और जरूरत के मुताबिक निर्माण व सुदृढ़ीकरण कराने की मांग की है।
विधायक ने मंत्री को बताया कि विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों में सड़कें लंबे समय से खराब हैं। जगह-जगह सड़कें क्षतिग्रस्त होने से लोगों को रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि स्थानीय स्तर पर समस्या उठाए जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई, इसलिए शासन स्तर पर हस्तक्षेप जरूरी है। आगामी पर्वों और धार्मिक आयोजनों को देखते हुए विधायक ने प्रमुख मार्गों की मरम्मत जल्द कराने पर जोर दिया। पनकी हनुमान मंदिर समेत प्रमुख धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों को जोड़ने वाली सड़कों की स्थिति सुधारने की मांग भी रखी गई। इन मार्गों पर स्थानीय लोगों के साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और अन्य लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में विधायक ने पर्वों से पहले सड़क व्यवस्था दुरुस्त कराने की जरूरत बताई।
नगर विकास मंत्री ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
मुलाकात के दौरान नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने सड़क संबंधी समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र में सड़क, जल निकासी और प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़ी समस्याओं को शासन स्तर पर लगातार उठाकर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।


