Hot Topics

लखनऊ मेट्रो में एनसीएमसी कार्ड अब 2 अक्टूबर तक मुफ्त

  • गो स्मार्ट कार्ड धारकों को कार्ड बदलने का मिला अतिरिक्त मौका, पहले 17 सितंबर थी अंतिम तारीख; एनसीएमसी से लखनऊ मेट्रो में हर यात्रा पर 10 प्रतिशत किराये की छूट

भारत 19
लखनऊ।
लखनऊ मेट्रो यात्रियों के लिए राहत की खबर है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने गो स्मार्ट कार्ड को नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) में बदलने की समयसीमा बढ़ा दी है। अब गो स्मार्ट कार्डधारक 2 अक्टूबर 2026 तक बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपना कार्ड एनसीएमसी में बदलवा सकेंगे। पहले यह सुविधा 17 सितंबर तक थी।

एनसीएमसी से मेट्रो, बस और पार्किंग में भुगतान

एनसीएमसी का इस्तेमाल सिर्फ लखनऊ मेट्रो तक सीमित नहीं है। जहां-जहां यह कार्ड स्वीकार किया जाता है, वहां मेट्रो, बस, पार्किंग और रिटेल सेवाओं में इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे अलग-अलग परिवहन सेवाओं के लिए अलग कार्ड या टिकट रखने की जरूरत कम होगी। एनसीएमसी से लखनऊ मेट्रो में यात्रा करने पर यात्रियों को हर यात्रा के किराये में 10 प्रतिशत की छूट मिलेगी। कार्ड से यात्रा करने पर बार-बार टिकट काउंटर की लाइन में लगने की जरूरत भी नहीं होगी। दूसरे शहरों की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए भी एनसीएमसी उपयोगी होगा, जहां यह कार्ड स्वीकार किया जाता है।

गो स्मार्ट कार्ड ऐसे बदलवा सकेंगे एनसीएमसी में

गो स्मार्ट कार्ड में मौजूद पूरी शेष राशि पहले खर्च करनी होगी। इसके बाद यात्री को मेट्रो स्टेशन के टिकट काउंटर पर पुराने कार्ड का सत्यापन कराना होगा। सत्यापन के बाद सरेंडर रसीद दी जाएगी। पुराने गो स्मार्ट कार्ड और सरेंडर रसीद को स्टेशन स्थित एयरटेल पेमेंट्स बैंक कियोस्क पर जमा करना होगा। मोबाइल ओटीपी सत्यापन के बाद नया एनसीएमसी कार्ड बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के जारी किया जाएगा। एनसीएमसी कार्ड को कियोस्क, टिकट वेंडिंग मशीन (टीवीएम), लखनऊ मेट्रो ऐप और एयरटेल ऐप के जरिए रिचार्ज किया जा सकता है। डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और यूपीआई से भी रिचार्ज की सुविधा उपलब्ध है।

नया एनसीएमसी कार्ड लेने पर 100 रुपये शुल्क

लखनऊ मेट्रो के सभी स्टेशनों पर एयरटेल पेमेंट्स बैंक के काउंटर या कियोस्क से नया एनसीएमसी कार्ड भी लिया जा सकता है। इसके लिए 100 रुपये जारी शुल्क देना होगा, जो वापस नहीं होगा। इसके अलावा विभिन्न बैंक भी एनसीएमसी कार्ड जारी करते हैं। यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि एनसीएमसी से अलग-अलग परिवहन सेवाओं के लिए अलग कार्ड रखने की जरूरत कम होगी और दैनिक आवागमन अधिक सरल व सुविधाजनक बनेगा। उन्होंने कहा कि मौजूदा गो स्मार्ट कार्ड धारकों को एनसीएमसी में निशुल्क बदलने का एक और अवसर दिया गया है।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News