Hot Topics

आईआईटी कानपुर में प्रतियोगी परीक्षाओं की स्मार्ट तैयारी

  • साथी समिट-2026 में 400 छात्रों को जेईई, नीट, बैंकिंग और सिविल सेवा की तैयारी के टिप्स; रणनीति, नियमित अभ्यास और मानसिक संतुलन पर विशेषज्ञों ने दिया जोर

भारत 19
कानपुर। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी सिर्फ घंटों पढ़ने से नहीं, सही रणनीति और लगातार अभ्यास से बेहतर होती है। आईआईटी कानपुर में आयोजित साथी समिट-2026 में करीब 400 विद्यार्थियों को इसी स्मार्ट तैयारी का तरीका समझाया गया। विशेषज्ञों ने जेईई, नीट, बैंकिंग और सिविल सेवा जैसी परीक्षाओं के लिए योजनाबद्ध पढ़ाई, व्यावहारिक तरीके और परीक्षा तनाव से निपटने के उपाय साझा किए।

शिक्षा मंत्रालय की पहल ‘साथी’ के तहत आयोजित समिट में 22 विद्यालय समन्वयकों ने भी हिस्सा लिया। छात्रों को अलग-अलग प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ पढ़ाई को व्यावहारिक बनाने और सही दिशा में आगे बढ़ने के तरीके बताए गए। ‘साथी’ टीम के अनुराग सिंह ने छात्रों को ‘साथी’ ऑनलाइन मंच की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पंजीकरण के बाद विद्यार्थी जेईई, नीट, क्लैट, आईसीएआर, सीयूईटी, बैंकिंग, एसएससी और रेलवे भर्ती परीक्षाओं के लिए अध्ययन सामग्री और मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।

जेईई में रणनीति और नियमित अभ्यास जरूरी

प्रो. अमेय करकरे, प्रोफेसर एवं प्रिंसिपल इन्वेस्टिगेटर, साथी, आईआईटी कानपुर ने जेईई की तैयारी की रणनीति, नियमित अभ्यास और प्रभावी अध्ययन पद्धति पर छात्रों को जानकारी दी। उन्होंने योजनाबद्ध और निरंतर तैयारी को सफलता के लिए जरूरी बताया। प्रो. करकरे आईआईटी कानपुर के कंप्यूटर विज्ञान एवं अभियांत्रिकी विभाग से भी संबद्ध हैं। डॉ. सुधांशु शेखर सिंह, एसोसिएट प्रोफेसर एवं प्रमुख, सेंटर फॉर मेंटल हेल्थ एंड वेलनेस, आईआईटी कानपुर ने परीक्षा के तनाव से निपटने और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर रखने के उपाय बताए।

पढ़ाई में प्रैक्टिकल अप्रोच पर जोर

आईआईटी स्वास्थ्य केंद्र के एसएमओ डॉ. नवीन गुडे ने नीट, भारतीय स्टेट बैंक के असिस्टेंट मैनेजर रविंद्र सिंह ने बैंकिंग और उप आयकर आयुक्त आशुतोष के.आर. पांडेय ने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी से जुड़े उपयोगी सुझाव दिए। आईआईटी कानपुर के आरईओ अनुराग पांडेय ने ‘स्टडी विद प्रैक्टिकल अप्रोच’ विषय पर पढ़ाई को अधिक प्रभावी और व्यावहारिक बनाने के तरीके बताए। कार्यक्रम में छात्रों ने विशेषज्ञों से सीधे सवाल किए और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी पाया।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News