- दोपहर में गोरखपुर लायंस-लखनऊ फाल्कन्स की भिड़ंत, शाम को नोएडा सुपर किंग्स-मेरठ मावेरिक्स आमने-सामने; कल समीर रिजवी ने ठोके नाबाद 91 रन
भारत 19
कानपुर। कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में रविवार को UP T20 League के दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहले मैच में दोपहर तीन बजे गोरखपुर लायंस और लखनऊ फाल्कन्स आमने-सामने होंगे। इसके बाद शाम 7:30 बजे नोएडा सुपर किंग्स और मेरठ मावेरिक्स के बीच मुकाबला होगा। टूर्नामेंट अब निर्णायक दौर की ओर बढ़ रहा है, ऐसे में दोनों मैचों के नतीजे टीमों की स्थिति के लिहाज से अहम होंगे।
दोपहर में गोरखपुर-लखनऊ की भिड़ंत
दिन के पहले मुकाबले में गोरखपुर लायंस के सामने लखनऊ फाल्कन्स की चुनौती होगी। दोनों टीमें जीत के साथ अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश करेंगी। पिछली भिड़ंत में गोरखपुर ने लखनऊ को मात दी थी। ऐसे में लखनऊ के पास इस मुकाबले में वापसी करने का मौका होगा। मैच दोपहर तीन बजे ग्रीन पार्क में शुरू होगा।
शाम को नोएडा और मेरठ आमने-सामने
दूसरे मुकाबले में नोएडा सुपर किंग्स और मेरठ मावेरिक्स भिड़ेंगे। यह मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा। नोएडा के लिए यह मुकाबला खास तौर पर महत्वपूर्ण है। टीम शनिवार को कानपुर सुपरस्टार्स के खिलाफ हार चुकी है और अब मेरठ के सामने वापसी की कोशिश करेगी। वहीं मेरठ की नजर जीत के साथ अपनी स्थिति मजबूत करने पर होगी।
समीर रिजवी की पारी ने मचाया धमाल
ग्रीन पार्क में शनिवार रात कानपुर सुपरस्टार्स और नोएडा सुपर किंग्स के मुकाबले में समीर रिजवी ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने सिर्फ 39 गेंदों पर नाबाद 91 रन बनाकर कानपुर को आठ विकेट से जीत दिलाई। बारिश के कारण मुकाबला 12-12 ओवर का कर दिया गया था। नोएडा ने छह विकेट पर 128 रन बनाए, जिसे कानपुर ने 10.4 ओवर में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। रिजवी की आक्रामक पारी में 11 चौके और पांच छक्के शामिल रहे।


