- महिला टी-20 डेफ सीरीज में चार मैचों में झटके छह विकेट, विजेता भारतीय टीम की खिलाड़ी को डीएम ने क्रिकेट किट देकर किया सम्मानित
कानपुर। श्रीलंका में भारतीय महिला बधिर क्रिकेट टीम की खिताबी जीत में कानपुर की 20 वर्षीय प्रियांशी दीक्षित ने अपनी गेंदबाजी से खास छाप छोड़ी है। महिला टी-20 डेफ सीरीज-2026 में भारतीय टीम ने सभी मुकाबले जीतकर खिताब अपने नाम किया, जबकि प्रियांशी ने चार मैचों में छह विकेट लेकर इस जीत में अहम योगदान दिया। अंतरराष्ट्रीय सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बाद सोमवार को डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने उन्हें क्रिकेट किट देकर सम्मानित किया।
यशोदा नगर के सैनिक चौराहा निवासी बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा प्रियांशी पढ़ाई के साथ क्रिकेट में अपनी प्रतिभा को निखार कर भारतीय महिला बधिर क्रिकेट टीम में स्थान बनाया। श्रीलंका में 7 से 13 जुलाई तक हुई महिला टी-20 डेफ सीरीज-2026 में भारत और श्रीलंका की महिला टीमों के बीच मुकाबले हुए। भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अपना दबदबा बनाए रखा और सभी मैच जीतकर सीरीज पर कब्जा किया। प्रियांशी चार मुकाबलों में छह विकेट लेकर गेंदबाजी आक्रमण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 20 वर्ष की उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विजेता टीम का हिस्सा बनना उनके करियर की बड़ी उपलब्धि है।
खिताबी जीत के बाद कानपुर में सम्मान
खिताब जीतकर लौटीं प्रियांशी को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने क्रिकेट किट प्रदान की। उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए डीएम ने इसे कानपुर के लिए गौरव की उपलब्धि बताया। सीडीओ अभिनव जे. जैन ने भी प्रियांशी को बधाई दी।
