कानपुर/साढ़ थाना क्षेत्र के देवसढ़ गांव में शुक्रवार देर रात घर में घुसे बदमाशों ने 30 वर्षीय युवक की हत्या कर दी। आरोप है कि बदमाशों ने युवक पर कुल्हाड़ी से 10 से ज्यादा वार किए। पत्नी जब पति को बचाने पहुंची तो उसके साथ भी मारपीट की गई। वारदात के बाद बदमाश घर से बाइक, जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
छत के रास्ते घर में घुसे बदमाश
देवसढ़ गांव निवासी 30 वर्षीय मुमताज उर्फ कल्लू अपनी पत्नी शाहजहां और चार महीने की बेटी के साथ गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में बने मकान में रहते थे। वह पराग डेयरी की गाड़ी चलाते थे।घायल पत्नी शाहजहां के मुताबिक, शुक्रवार रात खाना खाने के बाद परिवार सो गया था। करीब 12 बजे दो बदमाश छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। दोनों ने चेहरे पर काले कपड़े बांध रखे थे। बदमाशों ने पहले जेवर और अन्य सामान देने की बात कही और इसके बाद मुमताज पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
शाहजहां के अनुसार, पति को बचाने की कोशिश करने पर बदमाशों ने उसके साथ भी लात-घूंसों से मारपीट की। इस दौरान चार महीने की बच्ची भी घर में मौजूद थी।
CCTV की DVR भी ले गए
बताया जा रहा है कि लूटपाट के बाद बदमाश घर में लगे करीब छह CCTV कैमरों की DVR भी अपने साथ ले गए। इसके बाद वे बाइक, जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए।बदमाशों के जाने के बाद घायल शाहजहां चार महीने की बच्ची को गोद में लेकर मदद के लिए घर से बाहर निकली। उसकी आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे।परिजन मुमताज को बिधनू CHC लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल शाहजहां को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद सीमा विवाद में उलझी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद साढ़ और बिधनू पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों के मुताबिक दोनों थानों की पुलिस करीब 45 मिनट तक सीमा को लेकर उलझी रही। बाद में DCP साउथ, ACP और पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस के मुताबिक, डॉग घटनास्थल से बिधनू नहर की ओर गया और करीब एक किलोमीटर दूर गांव के ही एक घर तक पहुंचा। पुलिस ने वहां भी पूछताछ की।
पुलिस ने जांच के लिए लगाईं सात टीमें
कानपुर ज्वाइंट CP विपिन टाडा के मुताबिक, पुलिस अधिकारियों ने हैलट अस्पताल पहुंचकर घायल पत्नी से घटना की जानकारी ली और घटनास्थल का निरीक्षण किया।मामले के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच, SWAT टीम और सर्विलांस समेत सात पुलिस टीमें लगाई गई हैं। पुलिस बदमाशों की पहचान और घटना के पीछे की वजह पता लगाने में जुटी है।
फिलहाल पुलिस मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।


