कानपुर कमिश्नरेट के पश्चिमी जोन की पनकी थाना पुलिस ने फर्जी फर्म बनाकर करोड़ों रुपये के लेनदेन और अवैध वसूली करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अजय गुप्ता उर्फ रामजी और संजीव कुमार गुप्ता उर्फ दीपु को लंका तिराहा स्थित शिव मंदिर के पास से दबोच लिया।
इस खबर से सम्बंधित
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने पनकी निवासी अर्चना मिश्रा को लोन दिलाने का झांसा देकर उनके दस्तावेज हासिल किए और उनका दुरुपयोग करते हुए कई बैंक खातों का संचालन किया। आरोप है कि आरोपियों ने अर्चना मिश्रा के नाम पर फर्जी “एएम फर्म” बनाकर करीब 16 करोड़ रुपये का वित्तीय लेनदेन किया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता को आयकर विभाग, इटावा की ओर से करोड़ों रुपये के लेनदेन से संबंधित नोटिस प्राप्त हुआ। नोटिस मिलने के बाद पीड़िता के होश उड़ गए और उन्होंने पुलिस से शिकायत की।

अर्चना मिश्रा का आरोप है कि आरोपी पहले ही उन्हें डरा-धमकाकर 50 हजार रुपये वसूल चुके थे। इसके बाद भी लगातार पैसों की मांग की जा रही थी और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही थी।
पीड़िता की शिकायत पर पनकी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई डीसीपी पश्चिम के निर्देशन में पनकी पुलिस ने आयकर विभाग के सहयोग से की। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित सहयोगियों की भी जांच कर रही है।



