कानपुर/ जवाहर नगर स्थित भारतीय रक्षक पार्टी कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित बैठक में संगठन ने जनसेवा और सामाजिक उत्थान को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं। बैठक में जरूरतमंद लोगों के लिए निशुल्क व्हीलचेयर वितरण, स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन और ट्रांसजेंडर समाज को समान अधिकार दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रूद्र सक्सेना ने कहा कि समाज के हर वर्ग तक सहायता पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में कानपुर के विभिन्न क्षेत्रों में मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे, जहां लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर और दिव्यांग लोगों को निशुल्क व्हीलचेयर भी वितरित की जाएंगी।
बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पंडित गौरव शास्त्री ने ट्रांसजेंडर समाज के अधिकारों को लेकर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज में समानता और सम्मान दिलाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि हर व्यक्ति को बराबरी का अधिकार मिल सके।
राष्ट्रीय महासचिव अमित शुक्ला और राष्ट्रीय महामंत्री धीरज मिश्रा ने संगठन को मजबूत बनाने पर बल देते हुए नए सदस्यों को मनोनयन पत्र सौंपे। कार्यक्रम में धर्म प्रसार जन कल्याण समिति और वुमन एंपावरमेंट वेलफेयर सोसायटी के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया और महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक समानता के मुद्दों पर संयुक्त रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
इस दौरान दीपा मिश्रा ने लोगों को सामाजिक कार्यों के प्रति जागरूक किया। वहीं संगठन ने पुष्पेंद्र सिंह को कानपुर मंडल अध्यक्ष, अनुज पाण्डेय को कानपुर नगर जिला अध्यक्ष, राधा त्रिवेदी को महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष और भारती सिंह को सीसामऊ वार्ड अध्यक्ष नियुक्त किया।



