- फिरोजपुर के पीएम श्री स्कूल के विद्यार्थियों ने मेट्रो में सफर कर समझी आधुनिक परिवहन तकनीक; भूमिगत स्टेशनों की खूबियां, डिपो संचालन और पर्यावरण संरक्षण में मेट्रो की भूमिका की ली जानकारी
भारत 19/ आगरा। आधुनिक परिवहन तकनीक को करीब से समझने के लिए पंजाब के 100 से अधिक छात्र-छात्राएं आगरा मेट्रो के शैक्षणिक भ्रमण पर पहुंचे। फिरोजपुर स्थित पीएम श्री गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल बज़ीतपुर के विद्यार्थियों ने शिक्षकों के साथ मेट्रो में सफर किया और भूमिगत स्टेशनों की विशेषताओं से लेकर ट्रेनों के रखरखाव तक की जानकारी हासिल की।
डॉ. अंबेडकर चौक से ताजमहल स्टेशन तक किया सफर
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने डॉ. अंबेडकर चौक मेट्रो स्टेशन से ताजमहल मेट्रो स्टेशन तक यात्रा की। इस दौरान उन्हें भूमिगत स्टेशनों की बनावट, सुविधाओं और आधुनिक परिवहन व्यवस्था की कार्यप्रणाली के बारे में बताया गया। छात्रों ने मेट्रो स्टेशन की संरचना और यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं को भी करीब से समझा।
3डी मॉडल से समझा मेट्रो डिपो का संचालन
ताजमहल मेट्रो स्टेशन पर विद्यार्थियों ने आगरा मेट्रो डिपो का 3डी मॉडल देखा। इसके जरिए उन्हें ट्रेनों के रखरखाव, डिपो में होने वाली गतिविधियों और मेट्रो संचालन से जुड़ी तकनीकी व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। आगरा मेट्रो की टीम ने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब देकर आधुनिक परिवहन प्रणाली के विभिन्न पहलुओं को समझाया।
पर्यावरण संरक्षण में मेट्रो की भूमिका बताई
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि सार्वजनिक परिवहन के रूप में मेट्रो का अधिक इस्तेमाल सड़क पर वाहनों का दबाव, यातायात जाम और धूल जैसी समस्याओं को कम करने में मदद कर सकता है। साथ ही उन्हें मेट्रो में यात्रा करने के तरीके, टिकट व्यवस्था और यात्रियों को उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई। इस शैक्षणिक गतिविधि के जरिए विद्यार्थियों को आधुनिक परिवहन तकनीक और पर्यावरण संरक्षण के बीच संबंध समझने का अवसर मिला।


