विधानसभा सत्र से पहले उपमुख्यमंत्री का हमला, बोले- सरकार हर जनहित के सवाल का जवाब देने को तैयार; अनुपूरक बजट से विकास योजनाओं को मिलेगी गति
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के आगामी सत्र से पहले उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सरकार की प्राथमिकताओं, अनुपूरक बजट, कानून-व्यवस्था और विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष जनहित के मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में उलझा हुआ है। सरकार सदन में उठने वाले हर सवाल का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
संसद परिसर प्रदर्शन पर विपक्ष को घेरा
उपमुख्यमंत्री ने संसद भवन परिसर में अवधेश प्रसाद और पप्पू यादव द्वारा किए गए प्रदर्शन को आपत्तिजनक बताते हुए कहा कि संतों, रामभक्तों और हिंदू समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी कृत्य को स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। वाराणसी में दर्ज एफआईआर को उन्होंने उचित बताते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
महिला आरक्षण पर विपक्ष की मंशा पर उठाए सवाल
महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर केशव मौर्य ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह परिसीमन की आड़ लेकर महिला आरक्षण का विरोध कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार जनहित से जुड़े फैसले लेने के लिए प्रतिबद्ध है और विपक्ष पहले भी कई मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने का प्रयास करता रहा है।
छात्रों की मांगों पर सरकार संवेदनशील
छात्रों के मुद्दे पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उनकी भावनाओं का सम्मान करती है और उचित मांगों पर संवेदनशीलता के साथ निर्णय लिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दलों ने छात्र आंदोलन का लाभ उठाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच चल रही है और यदि किसी भी तरह की राष्ट्रविरोधी गतिविधि या बाहरी तत्वों की संलिप्तता सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई होगी।
अनुपूरक बजट से विकास योजनाओं को मिलेगी रफ्तार
आगामी विधानसभा सत्र में पेश होने वाले अनुपूरक बजट को उन्होंने नियमित वित्तीय प्रक्रिया बताया। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य प्रदेश की विकास योजनाओं को गति देना और जनता से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता विकास, गरीब कल्याण और जनहित की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना है।
कानून-व्यवस्था पर सरकार का दावा
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार सुशासन और पारदर्शिता के साथ काम कर रही है। राम मंदिर से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष के रुख पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष सदन का समय राजनीतिक मुद्दों में व्यर्थ करना चाहता है।
सपा शासनकाल को लेकर हमला
समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए केशव मौर्य ने कहा कि उसके शासनकाल में गुंडागर्दी, अपराध, माफियावाद और दंगों का दौर था, जो अब इतिहास बन चुका है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार प्रदेश के विकास, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के भविष्य, किसानों की आय बढ़ाने और गरीबों के कल्याण के संकल्प के साथ काम कर रही है।
उन्होंने विश्वास जताया कि विधानसभा का आगामी सत्र लोकतांत्रिक परंपराओं और गरिमा के अनुरूप चलेगा तथा सरकार जनता से जुड़े हर मुद्दे पर जवाब देने के लिए तैयार रहेगी।


