- 23 स्थानों पर लगे रक्तदान शिविर, सीडीओ अभिनव जे. जैन ने भी किया रक्तदान; मोतीझील में एक लाख से ज्यादा दीप जले और CSJMU में 11 हजार दीयों से बना पीएम मोदी का पोर्ट्रेट
भारत 19
कानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर कानपुर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सेवा और जनभागीदारी से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्वास्थ्य विभाग ने 23 स्थानों पर रक्तदान शिविर लगाए, जिसमें 452 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। वहीं मोतीझील के कारगिल पार्क में एक लाख से अधिक दीप जलाए गए और छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) में करीब 11 हजार मिट्टी के दीयों से प्रधानमंत्री का विशाल पोर्ट्रेट तैयार किया गया।
23 स्थानों पर शिविर, 452 यूनिट रक्तदान
स्वास्थ्य विभाग की ओर से शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक 23 स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। इनमें सरकारी और निजी अस्पतालों, ब्लड बैंकों के अलावा घाटमपुर, सरसौल और बिल्हौर के केंद्र भी शामिल रहे। कुल 452 लोगों ने 452 यूनिट रक्त स्वैच्छिक रूप से दान किया। सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी ने बताया कि अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों, विभिन्न संस्थाओं और आम नागरिकों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक है और स्वस्थ एवं पात्र लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। रक्तदान अभियान में विधायक सुरेंद्र मैथानी, महेश त्रिवेदी और सरोज कुरील, विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नोई समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन और सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी समेत चिकित्सा संस्थानों के निदेशक, प्राचार्य और चिकित्सक भी अभियान में शामिल हुए।
मोतीझील में एक लाख से ज्यादा दीपों की रोशनी
मोतीझील के कारगिल पार्क में सांसद रमेश अवस्थी के नेतृत्व में दीप प्रज्वलन कार्यक्रम हुआ। यहां 76 हजार दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन लोगों की भागीदारी से संख्या एक लाख से अधिक पहुंच गई। शाम ढलते ही दीपों की कतारों से पूरा परिसर जगमगा उठा। दीपों के साथ ड्रोन के जरिए आसमान में रोशनी की आकृतियां भी प्रदर्शित की गईं। जमीन पर दीपों और आसमान में ड्रोन शो का दृश्य लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। पनकी, आनंदेश्वर और सिद्धनाथ मंदिर समेत विभिन्न मठ-मंदिरों से साधु-संत भी कार्यक्रम में पहुंचे।
CSJMU में 11 हजार दीयों से बना पोर्ट्रेट
सीएसजेएमयू में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। विश्वविद्यालय के हेलीपैड परिसर में करीब 101 फीट के क्षेत्र में 11 हजार मिट्टी के दीयों और रंगोली से प्रधानमंत्री का विशाल पोर्ट्रेट तैयार किया गया। शाम को जब दीप प्रज्वलित हुए तो दीयों से तैयार पोर्ट्रेट उभरकर सामने आया। विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की इस कलाकृति को देखने और मोबाइल कैमरे में कैद करने के लिए लोग जुटे रहे।
उर्सला में मरीजों से मिले डीएम-सीडीओ
सेवा संकल्प माह के तहत जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने उर्सला अस्पताल के आयुष्मान वार्ड में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से मुलाकात की। दोनों अधिकारियों ने मरीजों का हालचाल जाना और फल वितरित किए। इसी दौरान आयोजित रक्तदान शिविर में सीडीओ ने रक्तदान भी किया। डीएम ने कहा कि उर्सला कानपुर की ऐतिहासिक स्वास्थ्य संस्थाओं में से एक है और इसकी स्थापना को करीब 90 वर्ष हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि सेवा भाव ही सेवा संकल्प का मूल उद्देश्य है।
17 अक्टूबर तक चलेंगे सेवा और जनकल्याण कार्यक्रम
जिलाधिकारी ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प माह के तहत विभिन्न सेवा और जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान सरकारी योजनाओं और सेवा कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ समाज में सेवा भाव को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। मोतीझील कार्यक्रम से पहले सांसद रमेश अवस्थी ने सांसद सेवा केंद्र पर प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना के लिए अखंड ज्योति भी प्रज्वलित की, जो एक माह तक लगातार जलती रहेगी।


