- छह प्रमुख सड़कों के निर्माण के लिए नौ कंपनियों ने डाले टेंडर; 64 करोड़ रुपये से सड़क के साथ नाली और सीवर व्यवस्था भी होगी विकसित
भारत 19
कानपुर। कानपुर के इस्पात नगर औद्योगिक क्षेत्र की वर्षों पुरानी सड़क और जल निकासी की समस्या दूर होने की उम्मीद जगी है। छह प्रमुख सड़कों के निर्माण के लिए केडीए की निविदा प्रक्रिया में नौ कंपनियों ने हिस्सा लिया है। तकनीकी निविदा की जांच के बाद पात्र कंपनियों की वित्तीय निविदा खोली जाएगी। इसके बाद ठेका तय होते ही करीब 64 करोड़ रुपये की लागत से सड़क, नाली और सीवर का काम शुरू होने की उम्मीद है।
इस्पात नगर में लंबे समय से सड़कें खराब हैं। नाली और सीवर की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के दौरान कई स्थानों पर जलभराव हो जाता है। इसका असर औद्योगिक इकाइयों, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों और आवागमन पर पड़ता है। फीटा उद्योग संघ के महासचिव उमंग अग्रवाल के मुताबिक क्षेत्र के उद्यमी लंबे समय से इन बुनियादी सुविधाओं के अभाव का सामना कर रहे हैं। फीटा उद्योग संघ ने इस्पात नगर की समस्या को मंडलीय उद्योग बंधु की बैठकों में प्रमुखता से उठाया। मंडलायुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठकों में नगर आयुक्त और संबंधित विभागों के अधिकारियों को क्षेत्र की स्थिति से अवगत कराया गया। इसके बाद मंडलायुक्त ने समस्या के समाधान के लिए अवस्थापना निधि से धन उपलब्ध कराने की पहल की और केडीए को सड़क, नाली और सीवर से जुड़े कार्य कराने के निर्देश दिए।
छह सड़कों के निर्माण की है योजना
निर्देश मिलने के बाद केडीए ने निर्माण कार्य के लिए निविदा आमंत्रित की। योजना में इस्पात नगर की छह प्रमुख सड़कों का निर्माण शामिल है। इनके साथ जल निकासी के लिए नाली और सीवर नेटवर्क भी विकसित किया जाएगा। इससे क्षेत्र में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या कम करने के साथ आवागमन को बेहतर करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
तकनीकी जांच के बाद खुलेगी वित्तीय निविदा
निविदा प्रक्रिया में हिस्सा लेने वाली कंपनियों की पहले तकनीकी क्षमता और दस्तावेजों की जांच होगी। इसमें पात्र पाए जाने वाले निविदादाताओं की वित्तीय निविदा खोली जाएगी। इसके बाद सबसे उपयुक्त निविदा के आधार पर ठेका तय किया जाएगा। ठेका मिलने के बाद ही मौके पर निर्माण कार्य शुरू हो सकेगा। उमंग अग्रवाल ने कहा कि टेंडर प्रक्रिया आगे बढ़ने से क्षेत्र के उद्यमियों में उम्मीद जगी है। लंबे समय से लंबित सड़क और जल निकासी से जुड़े काम पूरे होने पर औद्योगिक क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं में सुधार आएगा।


