- 14 टीमों के बीच हुआ रोमांचक मुकाबला, सेमीफाइनल में मेजबान IIT कानपुर को सीधे सेटों में हराया, फाइनल में मिलेनियम क्लब को 25-23, 25-20 से दी शिकस्त
भारत 19
कानपुर। IIT कानपुर के इंडोर कोर्ट में सोमवार को पुरुष आमंत्रण इंडोर वॉलीबॉल प्रतियोगिता के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। IIT कानपुर के शारीरिक शिक्षा अनुभाग की ओर से आयोजित एक दिवसीय प्रतियोगिता में न्यू स्टार क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। कानपुर और आसपास के क्षेत्रों की 14 प्रमुख टीमों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
सेमीफाइनल में मेजबान IIT कानपुर को हराया
सेमीफाइनल में पहुंचते ही मुकाबलों का रोमांच बढ़ गया। पहले सेमीफाइनल में न्यू स्टार क्लब ने मेजबान IIT कानपुर को सीधे सेटों में 25-23, 25-22 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। दोनों सेटों में कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन निर्णायक मौकों पर न्यू स्टार के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल और संयम का परिचय दिया। दूसरे सेमीफाइनल में मिलेनियम क्लब और ग्रीन वैली के बीच कांटे की टक्कर हुई। तीन सेट तक चले मुकाबले में मिलेनियम क्लब ने 25-23, 22-25, 25-22 से जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट कटाया।
फाइनल में न्यू स्टार ने दिखाया दम
खिताबी मुकाबले में न्यू स्टार और मिलेनियम क्लब आमने-सामने थे। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जोरदार स्मैश, मजबूत रक्षात्मक खेल और बेहतरीन कोर्ट समन्वय से मुकाबले को रोमांचक बनाए रखा। न्यू स्टार ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा। टीम ने 25-23, 25-20 से सीधे सेटों में जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। करीबी स्कोर के बावजूद निर्णायक अंकों पर न्यू स्टार के खिलाड़ियों का तालमेल और आक्रामक खेल अंतर पैदा करने में कामयाब रहा।
14 टीमों ने लिया प्रतियोगिता में हिस्सा
प्रतियोगिता में कानपुर और आसपास के क्षेत्रों की 14 प्रमुख टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें रॉयल स्पोर्टिंग, कानपुर विश्वविद्यालय, मिलेनियम क्लब, ग्रीन वैली, उन्नाव, रामा विश्वविद्यालय, एचबीटीयू, ग्रीन पार्क, कंबाइंड रेलवे, एफजीके आर्मापुर, न्यू स्टार और मेजबान IIT कानपुर समेत विभिन्न टीमें शामिल रहीं। एक दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच जोरदार स्मैश, मजबूत डिफेंस और बेहतर कोर्ट समन्वय देखने को मिला। सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों में प्रतिस्पर्धा खास तौर पर कड़ी रही।
समापन समारोह में खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में डॉ. चिन्मय कोले मुख्य अतिथि रहे। वरिष्ठ वॉलीबॉल खिलाड़ी सर्वेंद्र सचान, रविंद्र सिंह और डॉ. आर.एल. सचान विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता में उनके प्रदर्शन की सराहना की। मुकाबलों का संचालन विशेषज्ञ निर्णायकों अजित, अमरदीप, रितेश, अतुल शर्मा और अजब सिंह ने किया। प्रतियोगिता का आयोजन IIT कानपुर के वॉलीबॉल कोच एवं आयोजन समन्वयक अमित दोहरे के मार्गदर्शन में किया गया।

