Hot Topics

CSJMU में पहले दिन नकलची पकड़ा, दूसरे दिन सख्ती

  • 75% से कम उपस्थिति वाले छात्रों को नहीं मिला प्रवेश, जांच के बाद परीक्षा कक्ष पहुंचे विद्यार्थी; चार पालियों में जारी रही मिड सेमेस्टर परीक्षा

भारत 19
कानपुर।
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) में मिड सेमेस्टर परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को पहले दिन पकड़े गए नकल के मामले का असर साफ नजर आया। परीक्षा केंद्रों पर निगरानी और कड़ी कर दी गई। परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले विद्यार्थियों की जांच हुई और निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही उन्हें परीक्षा में बैठने की अनुमति मिली। विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों और संस्थानों में हजारों छात्र-छात्राओं ने चार पालियों में परीक्षा दी।

प्रवेश से पहले जांच, कक्ष में भी निगरानी

मंगलवार को परीक्षा देने पहुंचे विद्यार्थियों की परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले जांच की गई। इसके बाद उन्हें निर्धारित सीटों पर जाने की अनुमति मिली। कक्ष के भीतर भी ऑब्जर्वरों ने विद्यार्थियों पर लगातार नजर रखी। किसी भी तरह के अनुचित साधन के इस्तेमाल को रोकने के लिए परीक्षा के दौरान निगरानी जारी रही। पहले दिन एक विद्यार्थी के अनुचित साधन के प्रयोग के साथ पकड़े जाने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा की शुचिता और अनुशासन को लेकर विशेष सतर्कता बरती।

75 प्रतिशत उपस्थिति वालों को ही मिला प्रवेश

CSJMU की मिड सेमेस्टर परीक्षा में 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य है। मंगलवार को भी निर्धारित मानक से कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों को परीक्षा में प्रवेश नहीं दिया गया। परीक्षा शुरू होने से पहले संबंधित विभागों में विद्यार्थियों की उपस्थिति का सत्यापन किया गया। इसके बाद पात्र विद्यार्थियों को परीक्षा कक्ष में भेजा गया। विश्वविद्यालय में मिड सेमेस्टर परीक्षाएं चार पालियों में आयोजित हो रही हैं। पहली पाली सुबह 9 से 10:30 बजे, दूसरी 11 से 12:30 बजे, तीसरी दोपहर 1:30 से 3 बजे और चौथी 3:30 से 5 बजे तक है। 21 से 26 सितंबर तक चलने वाली परीक्षाओं में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के हजारों विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं। वहीं वोकेशनल पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं 28 और 29 सितंबर को आयोजित होंगी।

परीक्षा प्रभारी ने विभागों का किया निरीक्षण

परीक्षा प्रभारी एवं डीन एकेडमिक्स प्रो. वृष्टि मित्रा ने मंगलवार को विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा कक्षों में अनुशासन, विद्यार्थियों की उपस्थिति और निगरानी व्यवस्था को देखा। ऑब्जर्वरों को भी परीक्षा नियमों के पालन को लेकर सतर्क रखा गया।

पहले दिन कार्रवाई के बाद बढ़ी सख्ती

सोमवार को एक विद्यार्थी के अनुचित साधन के साथ पकड़े जाने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा में किसी भी तरह की अनियमितता को लेकर सख्त रुख अपनाया। मंगलवार को बढ़ी निगरानी के बीच विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। आगामी परीक्षा पालियों में भी नकल रोकने और परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए निगरानी जारी रखने की बात विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कही गई है।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News