Hot Topics

CSJMU में हिंदी का महासंगम, 33 शिक्षाविदों का होगा सम्मान

  • 28 से 30 सितंबर तक चलेगा हिंदी भाषा उत्सव-2026; 150 से अधिक विद्यार्थी साहित्यिक प्रतियोगिताओं में लेंगे हिस्सा, कवि सम्मेलन में सुरेश अलबेला समेत कई कवि जमाएंगे रंग

भारत 19

कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) में इस बार हिंदी सिर्फ पाठ्यक्रम और साहित्य तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि तीन दिन के बड़े उत्सव में भाषा, साहित्य, युवा प्रतिभा, हास्य और सम्मान का महासंगम देखने को मिलेगा। विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग और स्कूल ऑफ लैंग्वेजेज की ओर से 28 से 30 सितंबर तक हिंदी भाषा उत्सव-2026 आयोजित किया जाएगा। उत्सव में 150 से अधिक विद्यार्थी विभिन्न साहित्यिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेंगे। 30 सितंबर को होने वाले समापन समारोह में हिंदी भाषा और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले तीन शोध छात्रों समेत 33 शिक्षाविदों और साहित्य-साधकों को हिंदी भाषा गौरव सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। उत्सव का एक प्रमुख आकर्षण हास्य कलाकार और लाफ्टर शो चैंपियन सुरेश अलबेला की प्रस्तुति होगी। इसके साथ कवि सम्मेलन में कई चर्चित कवि काव्य पाठ करेंगे, जिससे विश्वविद्यालय परिसर में साहित्य और हास्य का रंग भी नजर आएगा।

दो दिन साहित्यिक प्रतियोगिताओं में दिखेगा विद्यार्थियों का हुनर

उत्सव के पहले दो दिन विद्यार्थियों की साहित्यिक और रचनात्मक प्रतिभा के नाम रहेंगे। 28 और 29 सितंबर को शासकीय हिंदी पत्र लेखन, वाद-विवाद, भाषण, गेय लोक काव्य (एकल/समूह) और स्वरचित काव्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय के साथ संबद्ध महाविद्यालयों और इंटरमीडिएट कॉलेजों के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिताओं के जरिए विद्यार्थियों की अभिव्यक्ति, रचनात्मकता और हिंदी लेखन एवं काव्य प्रतिभा को मंच मिलेगा।
हिंदी भाषा उत्सव का सबसे अहम पड़ाव 30 सितंबर को होने वाला हिंदी भाषा गौरव सम्मान समारोह रहेगा। इसमें हिंदी भाषा और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले तीन शोध छात्रों समेत कुल 33 शिक्षाविदों और साहित्य-साधकों को सम्मानित किया जाएगा। इस आयोजन के जरिए विश्वविद्यालय हिंदी भाषा और साहित्य के क्षेत्र में योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करने के साथ विद्यार्थियों को भी साहित्य और भाषा से जोड़ने का प्रयास करेगा।

कवि सम्मेलन में सुरेश अलबेला लगाएंगे हास्य का तड़का

समापन समारोह में होने वाले कवि सम्मेलन में डॉ. कुमार मनोज, प्रीति अग्रवाल, योगिता चौहान, प्रमोद पंकज और व्यंजना शुक्ला समेत कई चर्चित कवि काव्य पाठ करेंगे। वहीं हास्य कलाकार और लाफ्टर शो चैंपियन सुरेश अलबेला अपनी प्रस्तुति देंगे। इस तरह कार्यक्रम में गंभीर साहित्यिक विमर्श के साथ हास्य और मनोरंजन का भी रंग देखने को मिलेगा।

तकनीकी दौर में हिंदी की भूमिका पर भी होगी चर्चा

हिंदी भाषा उत्सव में सिर्फ प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम ही नहीं होंगे, बल्कि बदलते तकनीकी परिवेश में हिंदी की भूमिका और संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। उत्सव में हिंदी के अतीत, वर्तमान और भविष्य के साथ तकनीक के दौर में भाषा के सामने मौजूद अवसरों पर चर्चा होगी। आयोजन में शिक्षक, शोधार्थी, विद्यार्थी और साहित्यकार शामिल होंगे। इससे हिंदी भाषा को बदलते समय और तकनीकी परिवेश से जोड़कर देखने का अवसर मिलेगा।
कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में होने वाले आयोजन की तैयारियां चल रही हैं। स्कूल ऑफ लैंग्वेजेज के निदेशक डॉ. सर्वेश मणि त्रिपाठी के निर्देशन तथा हिंदी विभाग के प्रभारी डॉ. श्रीप्रकाश के संयोजन में कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है। तीन दिवसीय हिंदी भाषा उत्सव में विद्यार्थियों की प्रतियोगिताओं से लेकर हिंदी भाषा गौरव सम्मान और कवि सम्मेलन तक विभिन्न गतिविधियां होंगी। आयोजन का उद्देश्य हिंदी भाषा, साहित्य और रचनात्मक अभिव्यक्ति को एक साझा मंच देना है।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News