Hot Topics

कानपुर-बुंदेलखंड की हारी सीटों के बूथ-बूथ जाएगी भाजपा

  • मिशन 2027 की तैयारी तेज, 17 जिलों के पदाधिकारियों के साथ दिनभर चलीं बैठकें, राष्ट्रीय मंत्री जगदीश ईश्वर भाई पटेल ने नियमित प्रवास, बूथ समितियों को सक्रिय रखने और कार्यकर्ताओं के साथ जनता से सीधा संवाद बढ़ाने के दिए निर्देश

भारत 19/ कानपुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर भाजपा ने कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की उन सीटों पर संगठन मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है, जहां पार्टी को 2022 के चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। इन सीटों पर बूथ स्तर तक पहुंच बढ़ाने के लिए पदाधिकारी नियमित प्रवास करेंगे और कार्यकर्ताओं के साथ आमजन से सीधा संवाद स्थापित करेंगे। सोमवार को भाजपा के कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय कार्यालय में प्रदेश सह प्रभारी एवं राष्ट्रीय मंत्री जगदीश ईश्वर भाई पटेल ने क्षेत्र के सभी 17 जिलों के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें कर संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की।

2022 में हारी 12 सीटों पर विशेष फोकस

कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में विधानसभा की कुल 52 सीटें हैं। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने इनमें से 47 सीटों पर जीत दर्ज की थी। हालांकि, 2022 के चुनाव में पार्टी को आर्यनगर, सीसामऊ, कानपुर कैंट, जसवंतनगर, फतेहपुर सदर, हुसेनगंज, बिधूना, भरथना, कालपी, चित्रकूट, बबेरू और दिबियापुर सीटों पर हार मिली थी। अब इन सीटों पर संगठन की सक्रियता बढ़ाना और स्थानीय स्तर पर कमियों को दूर करना पार्टी की प्राथमिकता है।

नियमित प्रवास कर कार्यकर्ताओं से संवाद बढ़ाएंगे पदाधिकारी

बैठक में जगदीश ईश्वर भाई पटेल ने हारी हुई सीटों पर विशेष रणनीति के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने पदाधिकारियों से बूथ स्तर तक पहुंचने और नियमित प्रवास के जरिए कार्यकर्ताओं तथा आमजन से संवाद बढ़ाने को कहा। बूथ समितियों को सक्रिय रखने, संगठनात्मक गतिविधियों की नियमित समीक्षा करने और तय जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने पर भी जोर दिया गया। पटेल ने बूथ कार्यकर्ताओं के सम्मान को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता, समर्पण और सहभागिता से आती है। बैठक में 17 जिलों की संगठनात्मक स्थिति, बूथ प्रबंधन और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई।

स्नातक-शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा

भाजपा ने विधानसभा चुनाव के साथ विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनावों की तैयारियों पर भी ध्यान केंद्रित किया है। बैठक में प्रयागराज-झांसी सहित संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के चुनावी प्रबंधन पर चर्चा हुई। पदाधिकारियों से मतदाताओं के बीच व्यक्तिगत संपर्क बढ़ाने और चुनाव संबंधी गतिविधियों को समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया। साथ ही, आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए।

सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने पर जोर

बैठक में पदाधिकारियों से केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं तथा उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने की, जबकि संचालन आनंद सिंह ने किया। इसमें प्रदेश महामंत्री एवं क्षेत्रीय प्रभारी शंकर लाल लोधी, प्रदेश उपाध्यक्ष देवेश कोरी, प्रदेश मंत्री किरन लोधी, आदित्य त्रिवेदी, शिव सिंह भारती, नीतू सिंह, पवन प्रताप सिंह, वीरेंद्र तिवारी और विभिन्न जिलों के अध्यक्षों सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News