- बस्ती, जौनपुर, बाराबंकी, बलिया, गाजीपुर, मऊ, मुजफ्फरनगर, बागपत, हापुड़ और जालौन के बदले कप्तान, ADG क्राइम का अतिरिक्त प्रभार भी बदला, लखनऊ और प्रयागराज कमिश्नरेट में नई तैनाती
भारत 19/ लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बुधवार को पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल हुआ है। शासन ने 20 IPS अधिकारियों का तबादला करते हुए 10 जिलों की पुलिस कमान बदल दी। इसके अलावा एडीजी स्तर पर जिम्मेदारियों में फेरबदल के साथ लखनऊ और प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में भी नई तैनाती की गई है।
10 जिलों में बदले पुलिस कप्तान
तबादला आदेश के मुताबिक बस्ती, जौनपुर, बाराबंकी, बलिया, गाजीपुर, मऊ, मुजफ्फरनगर, बागपत, हापुड़ और जालौन में नए पुलिस कप्तान तैनात किए गए हैं। बस्ती के एसपी यशवीर सिंह को जौनपुर भेजा गया है, जबकि जौनपुर के एसपी कुंवर अनुपम सिंह को पीएसी मुख्यालय, लखनऊ भेजा गया है। बलिया के एसपी ओमवीर सिंह अब बस्ती की कमान संभालेंगे और गाजीपुर के एसपी ईरज राजा को बलिया का कप्तान बनाया गया है। बाराबंकी में लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट की डीसीपी रवीना त्यागी को एसपी बनाया गया है। बाराबंकी के एसपी रहे अर्पित विजयवर्गीय को डीसीपी लखनऊ की जिम्मेदारी दी गई है। मऊ में पीएसी की चौथी वाहिनी, प्रयागराज के सेनानायक सर्वेश कुमार मिश्रा को एसपी बनाया गया है, जबकि वहां तैनात कमलेश बहादुर को डीजीपी मुख्यालय में एसपी लोक शिकायत की जिम्मेदारी दी गई है।
गाजीपुर की नई जिम्मेदारी जालौन के एसपी विनय कुमार सिंह को मिली है। बागपत के एसपी सूरज कुमार राय को मुजफ्फरनगर का एसएसपी बनाया गया है, जबकि मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय कुमार को चौथी वाहिनी पीएसी, प्रयागराज का सेनानायक बनाया गया है। बागपत में अब पूर्णेंदु सिंह एसपी होंगे। हापुड़ में मधुवन कुमार सिंह को नया एसपी बनाया गया है। वहां के एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह को प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी भेजा गया है। वहीं जालौन की कमान सुरेश चंद्र रावत को सौंपी गई है, जो इससे पहले मथुरा में तैनात थे। आलोक राज नारायण को हरदोई से मथुरा में अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। पूर्णेंदु सिंह को डीजीपी मुख्यालय से बागपत का एसपी बनाया गया है।
ADG क्राइम का अतिरिक्त प्रभार भी बदला
वरिष्ठ स्तर पर ए. सतीश गणेश से ADG क्राइम का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। वह अब ADG यातायात एवं सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनके स्थान पर भगवान एस. श्रीवास्तव को ADG तकनीकी सेवाओं के साथ ADG क्राइम का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। यह बदलाव इस तबादला सूची में जिला स्तर पर पुलिस कप्तानों की तैनाती के साथ पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों को भी बदला गया है।
लखनऊ और प्रयागराज कमिश्नरेट में भी बदलाव
जिला पुलिस के अलावा दोनों प्रमुख कमिश्नरेट में भी अधिकारियों की नई तैनाती हुई है। अर्पित विजयवर्गीय को डीसीपी लखनऊ और कुंवर ज्ञानंजय सिंह को डीसीपी प्रयागराज बनाया गया है। वहीं आजमगढ़ और बरेली में शहरी पुलिस की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। चिराग जैन को एसपी सिटी बरेली और मानुष पारिक को एसपी सिटी आजमगढ़ बनाया गया है।


