- आर्यावर्त इंटरनेशनल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने मेट्रो में सफर कर समझीं सुविधाएं, सुरक्षा और पर्यावरण से जुड़े फायदे
भारत 19
आगरा। स्कूली बच्चों को मेट्रो से जोड़ने और उन्हें सार्वजनिक परिवहन के प्रति जागरूक करने के लिए शनिवार को आर्यावर्त इंटरनेशनल स्कूल के छात्र-छात्राओं को आगरा मेट्रो की यात्रा कराई गई। बच्चों ने मेट्रो ट्रेन में सफर करने के साथ स्टेशन की सुविधाओं और सुरक्षित व सुविधाजनक संचालन की जानकारी भी ली। मेट्रो की टीम ने छात्र-छात्राओं को बताया कि मेट्रो पर्यावरण के अनुकूल सार्वजनिक परिवहन का साधन है। इसके इस्तेमाल से शहर में ट्रैफिक जाम, धूल और वाहनों से होने वाले कार्बन उत्सर्जन को कम करने में मदद मिलती है। बच्चों को टिकट लेने, स्टेशन में प्रवेश करने और ट्रेन में चढ़ने-उतरने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी भी दी गई।
दिव्यांग और बुजुर्ग यात्रियों की सुविधाएं भी समझीं
मेट्रो राइड के दौरान बच्चों को स्टेशन और ट्रेन में उपलब्ध यात्री सुविधाओं के बारे में बताया गया। इनमें रैंप, एस्केलेटर, लिफ्ट, टैक्टाइल पाथ, पैसेंजर डिस्प्ले सिस्टम और ट्रेन व लिफ्ट में ब्रेल लिपि जैसी सुविधाएं शामिल हैं। बच्चों को बताया गया कि इन व्यवस्थाओं के जरिए मेट्रो को अलग-अलग जरूरतों वाले यात्रियों के लिए अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाया गया है। यात्रा के दौरान बच्चों को आगरा मेट्रो में जन्मदिन, सालगिरह और किटी पार्टी जैसे आयोजनों के लिए उपलब्ध बुकिंग सुविधा की भी जानकारी दी गई। मेट्रो के अंदर बर्थडे मनाने की जानकारी मिलते ही बच्चे उत्साहित नजर आए। कई बच्चों ने मेट्रो में अपना जन्मदिन मनाने की इच्छा भी जताई। कार्यक्रम में आर्यावर्त इंटरनेशनल स्कूल की फाउंडर एवं प्रबंध निदेशक आकांक्षा गोयल और मोहित गोयल मौजूद रहे।
प्रमुख स्थानों को जोड़ता है आगरा मेट्रो रूट
आगरा मेट्रो का रूट शहर के प्रमुख शिक्षण संस्थानों, रेलवे स्टेशन, बस टर्मिनल, अस्पतालों, कार्यस्थलों और बाजारों को जोड़ता है। वर्तमान में प्रथम कॉरिडोर के प्रायोरिटी सेक्शन में मेट्रो का संचालन हो रहा है, जबकि प्रथम कॉरिडोर के शेष हिस्से में भी जल्द मेट्रो संचालन शुरू होने की उम्मीद है।

