- 200 करोड़ रुपये से अधिक कारोबार प्रभावित होने की आशंका, कटोरा लेकर व्यापारियों का धरना और नगर आयुक्त का दो-तीन दिन में राहत का आश्वासन
भारत 19
कानपुर। सीएम ग्रिड के तहत शहर में चल रहे सड़क निर्माण की धीमी रफ्तार और जगह-जगह बदहाल मार्गों के विरोध में व्यापारियों ने मंगलवार को नगर निगम परिसर में सड़क पर बैठकर कटोरा लेकर प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि दीपावली से 15 दिन पहले तक सीएम ग्रिड की निर्माणाधीन सड़कों का काम पूरा नहीं हुआ तो शहर का 200 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार प्रभावित हो सकता है। कारोबार पर चोट हुई तो व्यापारी भीख मांगने की स्थिति में पहुंच जाएंगे।
सड़क निर्माण की धीमी रफ्तार से बाजार परेशान
भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र, जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता गोरे, महामंत्री मनीष गुप्ता सलोने और प्रदेश मंत्री रोशन गुप्ता की अगुवाई में प्रदर्शन करते व्यापारियों ने मार्बल मार्केट किदवई नगर, यशोदा नगर-हमीरपुर रोड, साकेत नगर और ग्रीनपार्क से मूलगंज-घंटाघर समेत विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे सीएम ग्रिड कार्य को जल्द पूरा कराने की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि लंबे समय से चल रहे निर्माण कार्य के कारण व्यापारियों के साथ ग्राहक, वाहन चालक और आम नागरिक भी परेशान हैं। कई इलाकों में सड़कें पूरी तरह टूटी होने से आवागमन है। मार्बल मार्केट किदवई नगर, यशोदा नगर और मूलगंज चौराहे से परेड की ओर जाने वाले मार्गों पर सड़क की खराब स्थिति का असर यातायात और कारोबार दोनों पर पड़ रहा है।
त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले सड़कें हों दुरुस्त
ज्ञानेश मिश्र ने कहा कि सीएम ग्रिड से प्रभावित कानपुर के विभिन्न बाजारों का करीब 200 करोड़ रुपये से अधिक का वार्षिक कारोबार प्रभावित होने की आशंका है। दीपावली व्यापारियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण कारोबारी सीजन होता है। ऐसे में यदि निर्माण कार्य समय से पूरा नहीं हुआ तो बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित होगी और कारोबार को बड़ा नुकसान हो सकता है। उन्होंने सभी निर्माणाधीन सीएम ग्रिड सड़कों का काम दीपावली से कम से कम 15 दिन पहले युद्धस्तर पर पूरा कराने की मांग की।
गड्ढों से जाम, हादसों का भी खतरा
जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता गोरे ने कहा कि महानगर के कई चौराहों और बाजारों में सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। बड़े गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालक गिरकर घायल हो रहे हैं। इससे यातायात बाधित होने के साथ कई जगह जाम की स्थिति भी बन रही है। उन्होंने कहा कि बारिश के बाद समस्या और गंभीर हो गई है। स्थायी सड़क निर्माण पूरा होने तक सभी गड्ढों को तत्काल भरकर मार्गों को आवागमन के लायक बनाया जाना चाहिए।
लोहा बाजार में सीवर और जलभराव की समस्या
जिला वरिष्ठ महामंत्री मनीष गुप्ता सलोने और जिला महामंत्री महेश सोनी ने अफीम कोठी स्थित लोहा बाजार की समस्याएं भी उठाईं। व्यापारियों ने कहा कि यह शहर की प्रमुख लोहा मंडियों में शामिल है और यहां करोड़ों रुपये का कारोबार होता है, लेकिन मंडी परिसर में सीवर लाइन और जलभराव जैसी समस्याएं बनी हुई हैं। व्यापारियों ने इन समस्याओं का तत्काल समाधान कराने की मांग की।
खराब रोशनी से रात में बढ़ रहा खतरा
प्रदेश मंत्री रोशन गुप्ता और युवा प्रदेश संगठन महामंत्री विनायक पोद्दार ने सीएम ग्रिड प्रभावित क्षेत्रों में प्रकाश और विद्युत व्यवस्था दुरुस्त रखने की मांग की। उनका कहना था कि मार्बल मार्केट किदवई नगर में विद्युत खंभे और लाइन चालू होने के बावजूद सड़क पर बड़े गड्ढे हैं और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं है। व्यापारियों के मुताबिक रात में अंधेरे और खराब सड़क के कारण आवागमन जोखिमपूर्ण हो गया है। कई दोपहिया वाहन चालक गिरकर घायल भी हो चुके हैं। किदवई नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अशोक शुक्ला और टास्क फोर्स संयोजक पवन गौड़ ने प्रभावित बाजारों में नियमित स्ट्रीट लाइट और पर्याप्त रोशनी की मांग की।
कई प्रमुख मार्गों की मरम्मत की मांग
यशोदानगर उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री केके गुप्ता और संजय मिश्र ने यशोदा नगर की क्षतिग्रस्त सड़कों और गड्ढों को तत्काल भरने की मांग की। उन्होंने मार्बल मार्केट किदवई नगर, यशोदा नगर-हमीरपुर रोड, साकेत नगर और ग्रीन पार्क से मूलगंज चौराहे तक खराब मार्गों को जल्द दुरुस्त कराने की मांग उठाई। जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष इखलाक मिर्जा और अब्दुल वहीद ने जरीब चौकी चौराहे से पूर्व जीटी रोड, टाटमिल चौराहा, किदवई नगर में बाईपास चौराहे से पहले, बर्रा और घंटाघर समेत अन्य मार्गों की मरम्मत की मांग की।
नगर आयुक्त ने दो-तीन दिन में राहत का भरोसा दिया
धरने के बाद व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। नगर आयुक्त ने कहा कि बारिश कम होते ही दो-तीन दिन में क्षतिग्रस्त सड़कों को चलने लायक बना दिया जाएगा। उन्होंने सीएम ग्रिड के निर्माण कार्य को भी जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन में मनोज विश्वकर्मा, जितेंद्र सिंह, अतुल ओमर, नीरज शुक्ला, अरुण पांडेय, जनार्दन चौधरी, अनुज त्रिपाठी, रतन सिंह राजू, कुंदन शर्मा, बालकृष्ण गुप्ता, सुरेंद्र मिश्रा, अश्विनी गुप्ता, प्रखर श्रीवास्तव, राजकुमार गुप्ता, मोहम्मद ताहिर, अजय गुप्ता, गोविंद गुप्ता, राजन बाजपेयी, मोहित तिवारी, पंकज तोमर, शिव प्रताप परिहार, राहुल शर्मा, शरद गुप्ता और संजय सोनकर समेत अन्य व्यापारी मौजूद रहे।


