Hot Topics

लेखपाल मुख्य परीक्षा-2025 के दौरान पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस आयुक्त ने किया निरीक्षण

कानपुर नगर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ द्वारा आयोजित लेखपाल (मुख्य) परीक्षा-2025 का आयोजन आज 21 मई 2026 को कमिश्नरेट कानपुर नगर के 47 परीक्षा केंद्रों पर एक ही सत्र में प्रातः 07:00 बजे से 12:30 बजे तक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई।

सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी, यातायात पुलिस एवं रिजर्व पुलिस बल की तैनाती की गई थी। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती गई। अभ्यर्थियों को प्रवेश से पूर्व सघन तलाशी के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। प्रवेश पत्र एवं पहचान पत्र के सत्यापन की प्रक्रिया को सख्ती से लागू किया गया।

परीक्षा केंद्रों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर पुलिस द्वारा लगातार निगरानी रखी गई। इसी क्रम में पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने श्री कैलाश नाथ बालिका विद्यालय इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, कंट्रोल रूम, प्रवेश-निकास व्यवस्था तथा सुरक्षा ड्यूटी का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने ड्यूटी में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निष्पक्षता और सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। पुलिस उपायुक्त अपराध श्रवण कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

पूरी परीक्षा अवधि के दौरान कंट्रोल रूम से सभी केंद्रों की लगातार मॉनिटरिंग की गई और यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखा गया, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराई गई।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News