- 5000 से अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते रानी लक्ष्मीबाई सभागार के बजाय हेलीपैड ग्राउंड में हुआ आयोजन; पुंडरीक गोस्वामी और रेणुका गोस्वामी के भजनों पर देर तक झूमते रहे भक्त
भारत 19
कानपुर। राधा अष्टमी पर छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) का हेलीपैड ग्राउंड भक्ति संगीत की स्वर लहरियों से गूंज उठा। राधा रानी के जन्मोत्सव पर आयोजित कार्यक्रम में पुंडरीक गोस्वामी और रेणुका गोस्वामी ने भजनों की ऐसी रसधार बहाई कि पूरा परिसर बरसाने की भक्ति में रंगा नजर आया। राधा नाम की धुन पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे और पूरे परिसर में भक्ति, संगीत और आध्यात्मिक उल्लास का माहौल बना रहा।

5000 से अधिक श्रद्धालुओं की जुटी भीड़
कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़ के कारण आयोजन स्थल को रानी लक्ष्मीबाई सभागार से बदलकर विश्वविद्यालय परिसर स्थित हेलीपैड ग्राउंड करना पड़ा। सुबह 10 बजे से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। निर्धारित समय तक 5000 से अधिक भक्तों की मौजूदगी को देखते हुए कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कार्यक्रम को हेलीपैड ग्राउंड में स्थानांतरित कराने के निर्देश दिए। विश्वविद्यालय की टीम ने कम समय में व्यवस्थाएं पूरी कर कार्यक्रम को सुचारु रूप से संपन्न कराया।

राधा नाम के भजनों पर झूमते रहे भक्त
भजन संध्या में ,’मेरी विनती यही है राधा रानी, कृपा बरसाए रखना’, ‘राधा रानी लगे सबसे प्यारी, ‘बरसाने में आज आनंद छायो, राधा रानी को जनम दिन आयो’ और ‘राधा रानी फूल हैं तो भवरे हैं बिहारी’ जैसे भजनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। ‘कीर्ति मैया दे दे बधाई’ और ‘राधा जन्म सुन आई’ की प्रस्तुतियों पर भी श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए। भजनों और प्रस्तुतियों के बीच हेलीपैड ग्राउंड का माहौल बरसाने जैसा दिखाई दिया। राधा रानी के जन्मोत्सव पर श्रद्धालुओं ने भक्ति संगीत का आनंद लिया और कार्यक्रम देर तक आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर रहा।
कार्यक्रम में कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक, आयुर्वेदाचार्य डॉ. वंदना पाठक, वृंदावन बिहारी लाल अग्रवाल, किरण अग्रवाल, अमित गुप्ता, रितिका गुप्ता, सौरभ अग्रवाल और स्मृति अग्रवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम सभी के लिए खुला होने के कारण विश्वविद्यालय परिसर में श्रद्धालुओं की बड़ी भीड़ जुटी। राधा अष्टमी के इस आयोजन में भक्ति संगीत और सांस्कृतिक परंपरा का सुंदर संगम देखने को मिला।


