- कानपुर में सीएम ग्रिड, पैचवर्क और सीवर कार्यों का सांसद रमेश अवस्थी ने लिया जायजा; धीमी प्रगति पर अधिकारियों को फटकार, प्रमुख मार्गों को प्राथमिकता से तैयार करने के निर्देश
भारत 19
कानपुर। नवरात्र से पहले कानपुर की सड़कों को दुरुस्त करने की समयसीमा तय करते हुए सांसद रमेश अवस्थी ने अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी है। मंगलवार को शहर के अलग-अलग हिस्सों में सड़क और सीवर कार्यों का मौके पर निरीक्षण करने पहुंचे सांसद ने धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि नवरात्र शुरू होने तक जरूरी काम पूरे होने चाहिए, अन्यथा लापरवाही की जिम्मेदारी तय की जाएगी। सांसद ने सबसे पहले स्वरूप नगर और एक्सप्रेस रोड पर चल रहे पैचवर्क का जायजा लिया। नगर निगम अधिकारियों से काम की स्थिति पूछने के बाद उन्होंने इसे जल्द पूरा करने को कहा। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के नाम पर लंबे समय तक रास्ते अव्यवस्थित रहने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी नहीं होनी चाहिए।
सांसद ने विधायक महेश त्रिवेदी के साथ किदवई नगर स्थित मॉर्बल मार्केट वाली सड़क का पैदल निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क की स्थिति, निर्माण की रफ्तार और स्थानीय लोगों को हो रही दिक्कतों की जानकारी ली। अधिकारियों को दो टूक कहा, कुछ भी करिए, लेकिन कार्य को जल्द से जल्द पूरा करिए। साकेत नगर और कर्रही में चल रहे सड़क निर्माण की गुणवत्ता, उपलब्ध संसाधनों और काम पूरा करने की समयसीमा के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुसार काम कराने और गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए। जरीब चौकी चौराहे पर सीवर कार्य की धीमी गति सांसद के निशाने पर रही। उन्होंने अधिकारियों से काम में तेजी लाने को कहा।
धार्मिक स्थलों और बाजारों वाले मार्गों पर जोर
सांसद ने शहर की प्रमुख परियोजनाओं की नियमित निगरानी करने को कहा। जिन स्थानों पर काम धीमा है, वहां अतिरिक्त संसाधन लगाकर निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए गए। नवरात्र को देखते हुए प्रमुख मार्गों, बाजारों और धार्मिक स्थलों की ओर जाने वाली सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के मुख्य अभियंता समेत नगर निगम, जलकल और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी और तय समय में काम पूरा कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री अभिनव दीक्षित, वत्सेय त्रिपाठी, पार्षद विकाश जायसवाल, विनीत दुबे, अखिलेश अवस्थी, संजय पासवान और सुनील कनौजिया आदि मौजूद रहे।


