Hot Topics

जॉब कार्डधारकों को तुरंत काम दें, मौर्य ने चेताया

  • विकसित भारत-जी राम जी योजना की समीक्षा में उपमुख्यमंत्री सख्त; हर जिले में पंच सम्मेलन कराने के निर्देश, काम और मजदूरी भुगतान में देरी पर तय होगी जवाबदेही

भारत 19
लखनऊ
। त्योहारों से पहले गांवों में रोजगार की रफ्तार बढ़ाने के लिए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जॉब कार्डधारकों को तत्काल काम देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि पात्र श्रमिकों को काम या मजदूरी के भुगतान के लिए अनावश्यक इंतजार नहीं करना चाहिए। योजना में लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी और कर्मचारी की जिम्मेदारी तय होगी।

मुख्यालय से जिलों तक योजना की समीक्षा

मौर्य ने मंगलवार को ग्राम्य विकास विभाग के उच्च अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर विकसित भारत-जी राम जी योजना के मुख्यालय और जिला स्तर के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने प्रगति का ब्योरा लेते हुए अधिकारियों को डबल इंजन सरकार की मंशा के अनुरूप ग्रामीण विकास कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। योजना के क्रियान्वयन में स्थानीय भागीदारी मजबूत करने के लिए हर जनपद में पंच सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इनमें सांसदों, विधायकों, जिला व क्षेत्र पंचायत सदस्यों के साथ ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया है। उपमुख्यमंत्री के मुताबिक जनप्रतिनिधियों और पंचायतों की सहभागिता से विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बढ़ेगी और स्थानीय स्तर की जरूरतों को बेहतर तरीके से सामने लाया जा सकेगा।

ब्लॉक स्तर पर जॉब कार्डधारकों को काम आवंटित करें

मौर्य ने आगामी त्योहारों को देखते हुए ब्लॉक स्तर पर पंजीकृत जॉब कार्डधारकों को काम आवंटित करने की प्रक्रिया तेज करने को कहा। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि कोई पात्र कार्डधारक रोजगार से वंचित न रहे। उन्होंने मजदूरी भुगतान की स्थिति पर भी नजर रखने को कहा, ताकि काम मिलने के बाद भुगतान के लिए भी श्रमिकों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। जिन क्षेत्रों में योजना के काम अपेक्षित गति से नहीं चल रहे हैं, वहां अतिरिक्त संसाधन लगाने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को नियमित मैदानी निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति देखने और प्रगति रिपोर्ट मुख्यालय भेजने को कहा गया है।

गड़बड़ी मिली तो कार्रवाई तय

उपमुख्यमंत्री ने योजना के क्रियान्वयन में ढिलाई, हीलाहवाली या अनियमितता पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी और दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ त्वरित अनुशासनात्मक कदम उठाए जाएंगे। विकसित भारत-जी राम जी योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, रोजगार का सृजन करना और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान तक पहुंचाना है। मौर्य ने इसी लक्ष्य के अनुरूप योजना के प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन पर जोर दिया।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News