- सात अक्टूबर को चारों विधानसभाओं से निकलेगा बाइक सवारों का कारवां; फूलबाग में पीएम मोदी के संबोधन का एलईडी स्क्रीन पर होगा प्रसारण
भारत 19/ कानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत भाजपा कानपुर उत्तर सात अक्टूबर को सेवा ज्योति कलश यात्रा निकालेगी। यात्रा में शहर की चारों विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ता बाइक के साथ शामिल होंगे। प्रदेश स्तर पर भी सात अक्टूबर को सेवा ज्योति कलश यात्रा और प्रमुख आयोजन स्थलों पर प्रधानमंत्री के संबोधन के प्रसारण का कार्यक्रम तय किया गया है।
भाजपा कानपुर उत्तर की जिला इकाई की बैठक में यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय किया गया कि चारों विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ता अपने-अपने स्तर पर एकत्र होकर बाइक के साथ यात्रा के रूप में फूलबाग मैदान पहुंचेंगे। हर बूथ से कम से कम दो मोटरसाइकिल शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है।
फूलबाग में होगा पीएम के संबोधन का प्रसारण
यात्रा के फूलबाग पहुंचने के बाद वहां निर्धारित कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सुबह 11:30 बजे बड़े एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का प्रसारण किया जाएगा। सात अक्टूबर को प्रदेश के विभिन्न जिलों में सेवा ज्योति से जुड़े कार्यक्रमों के साथ प्रधानमंत्री के संबोधन के प्रसारण और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प की योजना बनाई गई है।
चारों विधानसभाओं से जुटेंगे कार्यकर्ता
भाजपा की योजना के मुताबिक कानपुर उत्तर जिले के अंतर्गत आने वाली चारों विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ता बाइक लेकर यात्रा में शामिल होंगे। पार्टी स्तर पर बूथवार भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदारियां तय की गई हैं। बाइक के साथ तिरंगा लेकर कार्यकर्ताओं के फूलबाग पहुंचने की भी तैयारी है। बैठक में सांसद रमेश अवस्थी, विधायक नीलिमा कटियार और सुरेश अवस्थी ने तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। यात्रा के संयोजक शिवांग मिश्रा और सह संयोजक एवं मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
अभियान का सात अक्टूबर को प्रमुख आयोजन
भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाने की घोषणा की है। इसके तहत सात अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’ कार्यक्रम रखा गया है। प्रमुख स्थानों पर सेवा कलश स्थापित करने और पैदल, साइकिल तथा बाइक रैलियों के जरिए कार्यकर्ताओं व नागरिकों को मुख्य आयोजन स्थल तक पहुंचाने की योजना है।


