Hot Topics

“जमीन के लिए जिंदगी दांव पर… कानपुर में युवती मोबाइल टावर पर चढ़ी, रोते-रोते बोली- या तो इंसाफ दो या मैं…”

कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई और वहां बैठकर रोते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करने लगी। युवती लगातार अपनी जमीन बचाने की गुहार लगाती रही और मुख्यमंत्री से न्याय दिलाने की अपील करती रही। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

करीब सुबह 6:30 बजे पुरवामीर इलाके में बने मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती की पहचान नन्हकी कुशवाहा के रूप में हुई। वह फतेहपुर जनपद के मिराई गांव की रहने वाली है। टावर पर चढ़ी युवती ने इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि उसके चाचा के परिवार ने उसके हिस्से की जमीन बेच दी है और अब दबंग जबरन कब्जा कर रहे हैं।

युवती ने बताया कि उसके माता-पिता की मौत के बाद वह अपने हक की जमीन बचाने के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। उसके पिता हीरालाल कुशवाहा की वर्ष 2021 में और मां सुदामा देवी की 2023 में मृत्यु हो चुकी है। परिवार में बहनें और एक भाई हैं, जबकि नन्हकी अभी अविवाहित है।

नन्हकी का आरोप है कि उसके चाचा के बेटों महेंद्र, जयेंद्र, भारत और सोनू ने गांव के ही रहने वाले अवधेश सिंह और राजेश सिंह को जमीन बेच दी। जबकि जमीन का सरकारी बंटवारा अभी तक नहीं हुआ था। इसके बावजूद खरीदारों ने उनकी करीब दो बीघा जमीन पर कब्जा कर लिया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और उल्टा उन्हीं पर मुकदमा दर्ज करा दिया गया।

युवती की बहन रानी कुशवाहा भी मौके पर पहुंची। उसने बताया कि नन्हकी रात करीब 12:30 बजे घर से निकली थी और सुबह जानकारी मिली कि वह मोबाइल टावर पर चढ़ी हुई है। रानी ने आरोप लगाया कि परिवार बेहद गरीब है और उन पर 50-50 लाख रुपये के जुर्माने वाले मुकदमे भी लाद दिए गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही महाराजपुर पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस लगातार युवती को समझाने का प्रयास करती रही, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई। करीब तीन घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद कानपुर में रहने वाली बड़ी बहन सुनीता कुशवाहा मौके पर पहुंचीं। उन्होंने काफी देर तक समझाया, जिसके बाद सुबह करीब 9:30 बजे युवती सुरक्षित नीचे उतर आई।

एसीपी अभिषेक कुमार पांडेय ने बताया कि युवती को सकुशल नीचे उतार लिया गया है। मामले की जांच के लिए पुलिस टीम को गांव भेजा गया है। साथ ही फतेहपुर प्रशासन से भी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के दौरान मौके पर भारी भीड़ लगी रही, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित रखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखी। युवती को बाद में परिजनों की सुपुर्दगी में सुरक्षित घर भेज दिया गया।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News